धमतरी। वीकेंड पर बढ़ती पर्यटकों की संख्या को ध्यान में रखते हुए गंगरेल जलाशय और जिले के अन्य बोटिंग प्वाइंट्स पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर सभी प्रमुख बोटिंग स्थलों पर नगर सैनिकों की तैनाती की गई है। इनकी जिम्मेदारी पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आपात स्थिति में तुरंत मदद उपलब्ध कराना है।
सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बोटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी पर्यटकों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। नाव और क्रूज में तय क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। बोट संचालकों को उपकरणों की नियमित जांच के निर्देश जारी किया है।
रेस्क्यू और मेडिकल टीम अलर्ट
किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए रेस्क्यू टीम, गोताखोर और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं। प्रमुख बोटिंग प्वाइंट्स पर फर्स्ट एड सुविधा उपलब्ध है। कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी जारी है।
पर्यटकों से सहयोग की अपील
कलेक्टर ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें और लापरवाही से बचें। प्रशासन का उद्देश्य सभी को सुरक्षित और सुखद पर्यटन अनुभव देना है।