रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट जल्द ही यात्रियों के लिए एक नई और अनोखी सुविधा शुरू करने जा रहा है। यहां 'फ्लाईब्रेरी' (Flybrary) बनाई जाएगी, जहां से यात्री अपनी पसंद की किताब लेकर हवाई यात्रा के दौरान पढ़ सकेंगे। यात्रा पूरी होने के बाद संबंधित पुस्तक को गंतव्य एयरपोर्ट पर जमा करना होगा। यह पहल यात्रियों के सफर को अधिक रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। इसके अलावा अगले छह महीनों में एयरपोर्ट के सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी तेजी से काम होगा।
फ्लाईब्रेरी में मिलेंगी कई भाषाओं की किताबें
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार फ्लाईब्रेरी में हिंदी, अंग्रेजी और अन्य भाषाओं की किताबें उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा बच्चों के लिए कॉमिक्स, पर्यटन से जुड़ी पुस्तकें, साहित्य, प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक किताबों का भी संग्रह होगा। यात्री बोर्डिंग से पहले अपनी पसंद की पुस्तक लेकर यात्रा के दौरान पढ़ सकेंगे।
अगले छह महीनों में बदलेगा एयरपोर्ट का लुक
एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा और बेहतर अनुभव के लिए कई विकास कार्य किए जाएंगे। टर्मिनल भवन के सामने छह लेन का ड्रॉप-ऑफ एरिया तैयार होगा और पैदल यात्रियों के लिए पाथवे भी चौड़ा किया जाएगा। इसके साथ ही परिसर की स्ट्रीट लाइट्स को आधुनिक एलईडी लाइटों से बदला जा रहा है ताकि रात के समय बेहतर रोशनी मिल सके।
पार्किंग में लागू हुआ नया लेन सिस्टम
एयरपोर्ट पर वाहनों की भीड़ कम करने के लिए पार्किंग और निकासी व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब फास्टैग, कैश भुगतान और कमर्शियल वाहनों के लिए अलग-अलग लेन बनाई गई हैं। इससे वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुगम होगी।
टैक्सी व्यवस्था भी होगी बेहतर
यात्रियों और टैक्सी चालकों के बीच होने वाले विवादों को रोकने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने नई व्यवस्थाएं लागू की हैं। इससे टैक्सी संचालन अधिक व्यवस्थित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
फाइव स्टार होटल जैसा बनेगा VIP लाउंज
एयरपोर्ट के वीआईपी वेटिंग लाउंज का भी व्यापक नवीनीकरण किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले पांच से छह महीनों में इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। तैयार होने के बाद यह लाउंज किसी फाइव स्टार होटल के लाउंज जैसा अनुभव देगा। इसके अलावा निजी कंपनियों के सहयोग से एयरपोर्ट परिसर में अन्य रिनोवेशन कार्य भी किए जा रहे हैं।
यात्रियों को मिलेगा बेहतर ट्रैवल एक्सपीरियंस
नई फ्लाईब्रेरी, आधुनिक पार्किंग व्यवस्था, विस्तारित ड्रॉप-ऑफ जोन, बेहतर रोशनी और आधुनिक VIP लाउंज जैसी सुविधाओं के शुरू होने के बाद रायपुर एयरपोर्ट यात्रियों को पहले से कहीं अधिक आरामदायक और आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।