Raipur Drug Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। इस गिरोह के तार सीधे नाइजीरिया से जुड़े पाए गए हैं, जहां से कोकीन की सप्लाई भारत के कई राज्यों में की जा रही थी। रायपुर पुलिस ने इस मामले में दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क को उजागर किया है।
BP मशीन के बॉक्स में छिपाकर भेजी जाती थी कोकीन
जांच में सामने आया कि तस्कर बेहद चालाकी से ब्लड प्रेशर (BP) मशीन के डिब्बों में कोकीन छिपाकर कोरियर के जरिए रायपुर और अन्य शहरों में भेजते थे। इस तरीके से वे पुलिस और जांच एजेंसियों की नजर से बचने की कोशिश कर रहे थे।
दिल्ली के तिलक नगर से 2 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस की टीम ने इनपुट के आधार पर दिल्ली के तिलक नगर इलाके में दबिश दी। यहां से भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिंस चार्ल्स को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने पूछताछ में अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े होने की बात कबूल की है।
नाइजीरिया से संचालित हो रहा था पूरा नेटवर्क
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ‘चिची’ नाम का एक शख्स नाइजीरिया में बैठकर इस पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था। वहीं, भारत में मौजूद आरोपी बैंक खातों के जरिए ड्रग्स की रकम का लेन-देन कर रहे थे।
लाखों का कैश और कीमती सामान जब्त
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 9.70 लाख रुपए नकद, 5 आईफोन और 3 चेकबुक समेत लगभग 11 लाख रुपए का सामान बरामद किया है।
पहले भी हुआ था खुलासा, जांच से जुड़ी कड़ियां
इस मामले की शुरुआत 19 मार्च 2026 को हुई थी, जब देवेंद्र नगर इलाके से एक आरोपी को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसी से मिली जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस इस इंटरनेशनल नेटवर्क तक पहुंच सकी।
93 आरोपी गिरफ्तार, 2 करोड़ से ज्यादा का ट्रांजेक्शन
रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने साल 2026 में अब तक NDPS एक्ट के 36 मामलों में 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पिछले छह महीनों में करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक का लेन-देन सामने आया है, जिसकी जांच जारी है।
NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22B के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क को करारा झटका लगा है।