होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

खेती में तकनीक की नई उड़ान: PACS के जरिए किसानों को मिलेगी ड्रोन स्प्रेयर सेवा, धमतरी बना देश का पहला जिला...

खेती में तकनीक की नई उड़ान: PACS के जरिए किसानों को मिलेगी ड्रोन स्प्रेयर सेवा, धमतरी बना देश का पहला जिला...

धमतरी। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले ने एक नई पहचान बनाई है। जिले में किसानों को उन्नत कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) में ड्रोन स्प्रेयर सेवा शुरू की गई है। इसके साथ ही धमतरी देश का पहला जिला बन गया है, जहां सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल का शुभारंभ लोहरसी समिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी में प्रशिक्षित ड्रोन पायलटों ने ड्रोन स्प्रेयर का प्रदर्शन किया और आधुनिक कृषि तकनीक की उपयोगिता से किसानों को अवगत कराया।

ड्रोन से होगा खाद और दवा का सटीक छिड़काव

प्रदर्शन के दौरान बताया गया कि ड्रोन तकनीक की मदद से उर्वरक और कीटनाशकों का सटीक एवं समान रूप से छिड़काव किया जा सकता है। इससे कम समय में अधिक क्षेत्र को कवर किया जा सकेगा। साथ ही किसानों को खेतों में बार-बार प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे फसलों को होने वाले नुकसान की संभावना भी कम होगी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और ड्रोन सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

CSC के सहयोग से मजबूत होंगी PACS समितियां

इस परियोजना की एक खास विशेषता यह है कि CSC e-Governance के सहयोग से PACS समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। इससे किसानों को एक ही स्थान पर ड्रोन स्प्रेयर सेवा के साथ विभिन्न डिजिटल और सरकारी सेवाओं का लाभ मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी और सहकारी समितियां बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित होंगी।

इन 10 समितियों में शुरू हुई ड्रोन स्प्रेयर सुविधा

धमतरी जिले में जिन समितियों को ड्रोन स्प्रेयर सेवा से जोड़ा गया है, उनमें बोड़रा, लोहरसी, दोनर, अछोटा, खरेंगाभोथीडीह, कुंदेल, गड़ाडीह, जुगदेही और करेली शामिल हैं, इन समितियों के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को आवश्यकता के अनुसार ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

किसानों को होंगे कई बड़े फायदे

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से किसानों को कम समय में बड़े क्षेत्र में छिड़काव, श्रम लागत में कमी, रसायनों का संतुलित उपयोग, फसल को कम नुकसान, उत्पादन क्षमता में वृद्धि, आधुनिक खेती को बढ़ावा युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर कई लाभ मिलेंगे। 

कृषि नवाचार का मॉडल बनेगा धमतरी

जिला प्रशासन का लक्ष्य धमतरी को कृषि नवाचार और आधुनिक खेती का मॉडल जिला बनाना है। ड्रोन स्प्रेयर सेवा की शुरुआत न केवल किसानों की उत्पादकता बढ़ाने में मदद करेगी बल्कि खेती को अधिक सुरक्षित, सटीक और लाभकारी बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह पहल भविष्य में प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल साबित हो सकती है।


संबंधित समाचार