होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए तेज हुआ ABC अभियान, 947 श्वानों की नसबंदी और टीकाकरण पूरा

आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए तेज हुआ ABC अभियान, 947 श्वानों की नसबंदी और टीकाकरण पूरा

धमतरी। शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण और रेबीज़ जैसी बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से नगर निगम धमतरी द्वारा संचालित एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। सुप्रीम कोर्ट और एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 947 आवारा श्वानों की नसबंदी के साथ उनका टीकाकरण और आवश्यक चिकित्सकीय उपचार किया जा चुका है।

अप्रैल से चल रहा है अभियान

नगर निगम ने यह अभियान 22 अप्रैल 2026 से शुरू किया था। अभियान के दौरान प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों की टीम आवारा श्वानों का स्वास्थ्य परीक्षण, नसबंदी, एंटी-रेबीज़ टीकाकरण और ऑपरेशन के बाद उनकी देखभाल सुनिश्चित कर रही है। इसका उद्देश्य पशुओं के प्रति मानवीय व्यवहार बनाए रखते हुए उनकी अनियंत्रित आबादी को वैज्ञानिक तरीके से नियंत्रित करना है।

947 श्वानों की हुई नसबंदी

नगर निगम के अनुसार 22 अप्रैल से 31 जुलाई 2026 के बीच कुल 947 श्वानों का ऑपरेशन किया गया। इनमें 573 नर और 374 मादा श्वान शामिल हैं। अभियान की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए गठित ऑर्गन काउंटिंग कमेटी ने 4 अगस्त को ऑपरेशन रिकॉर्ड और प्रक्रियाओं का भौतिक सत्यापन भी किया।

जनसुरक्षा और रेबीज़ नियंत्रण पर फोकस

जिला प्रशासन का कहना है कि ABC अभियान से आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रित होने के साथ-साथ रेबीज़ जैसी जानलेवा बीमारी की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा नागरिकों की सुरक्षा और मानव-पशु सहअस्तित्व को बढ़ावा देने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

महापौर बोले- अभियान रहेगा लगातार जारी

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर में सुरक्षित और संतुलित वातावरण तैयार करना है। उन्होंने बताया कि अभियान पूरी तरह वैज्ञानिक और मानवीय प्रक्रिया के तहत संचालित किया जा रहा है तथा भविष्य में भी इसे पारदर्शिता के साथ जारी रखा जाएगा।

कलेक्टर ने बताया जनहित और पशु कल्याण का संतुलित प्रयास

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि ABC कार्यक्रम का उद्देश्य किसी पशु को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि वैज्ञानिक तरीके से उनकी संख्या नियंत्रित करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान नागरिकों की सुरक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और पशु कल्याण—तीनों को ध्यान में रखकर संचालित किया जा रहा है। नियमित निगरानी और सत्यापन के माध्यम से इसकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जा रही है।


संबंधित समाचार