होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

अमेरिका-इजरायल संघर्ष के बाद ईरान का बड़ा कदम? चीन से एयर डिफेंस मिसाइल डील पर मचा विवाद

अमेरिका-इजरायल संघर्ष के बाद ईरान का बड़ा कदम? चीन से एयर डिफेंस मिसाइल डील पर मचा विवाद

अमेरिका और इजरायल के साथ लंबे समय तक चले सैन्य तनाव के बाद ईरान अपनी हवाई सुरक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ईरान ने चीन से 300 से 400 मैन-पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम (MANPADS) खरीदने के लिए समझौता किया है।  

सौदे की अनुमानित कीमत मिलियन डॉलर

हालांकि इस कथित डील को लेकर चीन और पाकिस्तान दोनों ने रिपोर्टों का स्पष्ट रूप से खंडन किया है।  रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित सौदे की अनुमानित कीमत 60 से 70 मिलियन डॉलर बताई जा रही है। इसमें चीन के QW-12 और FN-16 जैसे शोल्डर-फायर्ड एयर डिफेंस सिस्टम शामिल होने की बात कही गई है। इन हथियारों का उपयोग कम ऊंचाई पर उड़ने वाले लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और ड्रोन को निशाना बनाने के लिए किया जाता है

मध्यस्थ कंपनी के जरिए होने का दावा

कुछ अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में कहा गया है कि यह सौदा हांगकांग स्थित एक निवेश कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा है, जो चीनी आपूर्तिकर्ता और ईरानी पक्ष के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रही है। दावा यह भी किया गया कि पहली खेप अगले कुछ सप्ताह में ईरान पहुंच सकती है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि हथियारों की आपूर्ति पश्चिमी चीन के उरुमकी क्षेत्र से पाकिस्तान के रास्ते ईरान तक की जा सकती है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि परिवहन हवाई मार्ग से होगा या सड़क मार्ग से।

चीन और पाकिस्तान ने किया खंडन

इस पूरे मामले पर चीन के विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी रिपोर्टें पूरी तरह निराधार हैं। मंत्रालय का कहना है कि चीन हमेशा क्षेत्रीय शांति और संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करता है। वहीं पाकिस्तान की सेना के जनसंपर्क विभाग (ISPR) ने भी पाकिस्तान के रास्ते हथियार भेजे जाने के दावों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है।

युद्ध के बाद बढ़ी सुरक्षा की जरूरत

विश्लेषकों का मानना है कि हालिया संघर्ष के दौरान ईरान की कई मिसाइल, ड्रोन और एयर डिफेंस से जुड़ी सैन्य सुविधाएं निशाने पर रही थीं। ऐसे में पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम ईरान की सुरक्षा रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकते हैं क्योंकि इन्हें कम समय में अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया जा सकता है। हालांकि, कथित मिसाइल डील की अभी तक किसी भी पक्ष ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए इसकी संख्या, डिलीवरी और अन्य शर्तों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

क्या हैं MANPADS?

MANPADS (Man-Portable Air Defense Systems) ऐसे पोर्टेबल मिसाइल सिस्टम होते हैं जिन्हें एक या दो सैनिक आसानी से संचालित कर सकते हैं। इनका उपयोग मुख्य रूप से कम ऊंचाई पर उड़ रहे हेलीकॉप्टर, ड्रोन और लड़ाकू विमानों को निशाना बनाने के लिए किया जाता है।


संबंधित समाचार