Bhopal BJP VS Congress : राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में युवा मोर्चा के प्रदर्शन और तोड़फोड़ की घटना के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कड़ा ट्वीट करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के गुंडे मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। यह सारी गुंडागर्दी सरकार के संरक्षण में चल रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था खुद सरकार ही ध्वस्त कर रही है। इन गुंडों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
भड़के उमंग सिंघार
वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर हमला सत्ता के संरक्षण में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन के नाम पर की गई हिंसा, पथराव और अराजकता लोकतंत्र पर सुनियोजित हमला है। सत्ता के संरक्षण में कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं, जो बेहद गंभीर और शर्मनाक है। लेकिन कांग्रेस का हर कार्यकर्ता बब्बर शेर है। हम सत्य और संविधान की लड़ाई लड़ते हैं, गुंडों से डरते नहीं। धमकी और हिंसा से हमारी आवाज दबने वाली नहीं, हम डटकर मुकाबला करेंगे।
पीसी शर्मा की चेतावनी
घटनास्थल पर पहुंचे पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे हबीबगंज थाने में शांतिपूर्ण धरना देंगे। पीसी शर्मा ने कहा, जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
दोनों पक्षों में झड़प
आपको बता दें कि AI इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने भोपाल सहित प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया था। इसी कड़ी में भोपाल कांग्रेस कार्यालय के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे। आरोप है कि इस दौरान एक-दूसरे पर लाठी और पत्थर फेंके गए, जिससे कई कार्यकर्ता घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और दोनों पक्षों के बीच कड़ा पहरा लगाया गया।