होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

सरकारी दफ्तर में शराब की बोतल रख बैठे थे CMO, राज्य सरकार ने किया सस्पेंड

सरकारी दफ्तर में शराब की बोतल रख बैठे थे CMO, राज्य सरकार ने किया सस्पेंड

छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते एक प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को निलंबित कर दिया है। निलंबित अधिकारी रमेश कुमार ध्रुव के खिलाफ विभागीय जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने यह कार्रवाई की है।

निर्माण कार्य में मिली गड़बड़ी

सरकारी आदेश के अनुसार, रमेश कुमार ध्रुव को नगर पंचायत दाढ़ी में प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके कार्यकाल के दौरान वार्ड क्रमांक 11 में निर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता जांच कराई गई, जिसमें सड़क निर्माण का स्ट्रेंथ स्तर निर्धारित मानक एम-30 से काफी कम पाया गया। इस अनियमितता को प्रशासन ने गंभीरता से लिया।

कार्यालय में आपत्तिजनक स्थिति में मिले अधिकारी

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अधिकारी अपने कार्यालय कक्ष में शराब की बोतल के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए थे। इस मामले में उन्हें पहले चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन व्यवहार में सुधार नहीं होने की शिकायतें लगातार मिलती रहीं।

बैठकों से भी रहते थे नदारद

विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार रमेश कुमार ध्रुव कई बार समय-सीमा (टीएल) बैठकों में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने इसे प्रशासनिक जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर लापरवाही माना। लगातार मिल रही शिकायतों और अनुशासनहीनता के मामलों के बाद विभाग ने कार्रवाई का निर्णय लिया।

तत्काल प्रभाव से किया गया निलंबित

राज्य सरकार ने पूरे मामले को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय दुर्ग निर्धारित किया गया है। साथ ही नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।


संबंधित समाचार