China Unique Restaurant: आज के दौर में जहां लोगों के पास एक-दूसरे से बातचीत करने तक का समय नहीं है, वहीं चीन का एक कपल अपनी अनोखी पहल से पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इस कपल ने एक ऐसा रेस्टोरेंट शुरू किया है, जहां खाना ऑर्डर करने के लिए बोलने की जरूरत नहीं पड़ती। ग्राहक केवल हाथों के इशारों, साइन लैंग्वेज और मुस्कान के जरिए अपनी पसंद का खाना मंगवा सकते हैं। अपने इस अनूठे अंदाज और नेक कामों की वजह से यह रेस्टोरेंट सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
चीन में कहां है यह अनोखा रेस्टोरेंट?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन के शांक्सी प्रांत के ताइयुआन शहर में स्थित इस रेस्टोरेंट का नाम 'चाओशान डेफ सिस्टर' (Chaoshan Deaf Sister) है। यहां खासतौर पर स्वादिष्ट स्टीम्ड राइस रोल्स परोसे जाते हैं। इस रेस्टोरेंट को यिन यिंग और उनके पति फेंग याबिन मिलकर संचालित करते हैं। दोनों ही सुनने और बोलने में असमर्थ हैं, लेकिन उन्होंने अपनी परिस्थितियों को कभी कामयाबी के रास्ते की बाधा नहीं बनने दिया। उन्होंने अपने रेस्टोरेंट को ऐसा स्थान बनाया है, जहां बिना आवाज के भी ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच आसानी से संवाद हो सकता है। यहां आने वाले ग्राहकों के लिए दीवार पर चाइनीज साइन लैंग्वेज का चार्ट लगाया गया है। इसके अलावा मेन्यू में पसंदीदा व्यंजन की ओर इशारा करके भी ऑर्डर दिया जा सकता है। इस तरह भाषा और बातचीत की बाधा के बिना हर कोई यहां भोजन का आनंद ले सकता है।
दिव्यांग लोगों को रोजगार देने की भी अनोखी पहल
यिन यिंग और फेंग याबिन की कहानी केवल उनके रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं है। इस कपल ने अपने यहां ऐसे लोगों को भी रोजगार दिया है, जिन्हें सुनने में परेशानी होती है। इससे उन्हें सम्मानजनक तरीके से काम करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए एक सहयोगी और सुरक्षित वातावरण तैयार किया गया है। कपल का मानना है कि हर व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए।
जरूरतमंदों को मुफ्त में खाना खिलाकर पेश की मिसाल
इस जोड़े की सबसे खास बात उनकी मदद करने की भावना है। वे उन लोगों को बिना किसी कीमत के भोजन उपलब्ध कराते हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और खाने का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं। इस नेक पहल का लाभ सुनने में असमर्थ छात्रों और शहर की सड़कों की सफाई करने वाले सफाईकर्मियों को भी मिलता है। कपल का कहना है कि समाज से उन्हें जो सहयोग और अपनापन मिला है, वे उसे दूसरों के साथ साझा करना चाहते हैं।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के वीडियो से दुनिया तक पहुंची कहानी
इस रेस्टोरेंट की चर्चा उस समय तेजी से बढ़ गई, जब एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर यहां पहुंचा। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इन्फ्लुएंसर ने कपल से कहा कि उसके पास खाना खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं। यह सुनते ही यिन और फेंग ने बिना किसी सवाल के उसे भरपेट भोजन कराया। इतना ही नहीं, उन्होंने काउंटर में रखे अपने पैसों में से कुछ रकम निकालकर भी उसकी मदद की। कपल की इस उदारता ने इन्फ्लुएंसर को भावुक कर दिया। उसने इस अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। साथ ही इस जोड़े के प्रति सम्मान जताने के लिए उनका एक खूबसूरत स्केच भी बनाकर उपहार में दिया।
बिना शब्दों के दे गए इंसानियत का बड़ा संदेश
आज 'चाओशान डेफ सिस्टर' केवल एक रेस्टोरेंट नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, समानता और इंसानियत की पहचान बनता जा रहा है। यिन यिंग और फेंग याबिन ने साबित किया है कि किसी की जिंदगी में खुशियां लाने के लिए आवाज या बड़े-बड़े शब्दों की जरूरत नहीं होती। उनकी यह पहल बताती है कि असली पहचान इंसान के व्यवहार और उसके कामों से बनती है। एक छोटी सी मुस्कान, मदद के लिए बढ़ा हुआ हाथ और दूसरों के प्रति सम्मान ही दुनिया को बेहतर बना सकता है।