होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

मीडिया कर्मियों को मिलेगा बीमा कवच : छत्तीसगढ़ सरकार ने जारी किया ड्राफ्ट, पत्रकारों से मांगी राय

मीडिया कर्मियों को मिलेगा बीमा कवच : छत्तीसगढ़ सरकार ने जारी किया ड्राफ्ट, पत्रकारों से मांगी राय

छत्तीसगढ़ के पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के मीडियाकर्मियों को स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा का लाभ देने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। रायपुर प्रेस क्लब की ओर से लंबे समय से उठाई जा रही इस मांग पर शासन ने अब कदम आगे बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ शासन ने 'छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना-2026' का प्रारूप तैयार कर लिया है।

सरकार ने इस प्रस्तावित योजना को लेकर पत्रकारों और मीडिया जगत से सुझाव भी मांगे हैं। इसके लिए 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक की समय-सीमा तय की गई है। यानी प्रदेश के पत्रकार और मीडियाकर्मी एक महीने तक योजना के प्रारूप पर अपनी राय और जरूरी सुझाव शासन तक पहुंचा सकेंगे।

30 नवंबर तक भेज सकेंगे सुझाव, जानें कहां करना होगा आवेदन

मीडिया कर्मियों के लिए तैयार की गई प्रस्तावित बीमा योजना का प्रारूप छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। पत्रकार योजना का अध्ययन कर अपनी जरूरतों और सुझावों से शासन को अवगत करा सकते हैं।

सुझाव भेजने के लिए शासन ने ईमेल की व्यवस्था की है।

योजना का नाम: छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना-2026

सुझाव की शुरुआत: 1 नवंबर 2026

अंतिम तारीख: 30 नवंबर 2026

आधिकारिक वेबसाइट: www.dprcg.gov.in

सुझाव भेजने का ईमेल: chhattisgarhmediakarmi@gmail.com

रायपुर प्रेस क्लब ने CM विष्णुदेव साय का जताया आभार

इस पहल पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित सभी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य शासन के प्रति आभार जताया है।

प्रेस क्लब पदाधिकारियों का कहना है कि पत्रकारों को अपने काम के दौरान कई तरह की चुनौतियों और जोखिमों का सामना करना पड़ता है। फील्ड रिपोर्टिंग, दुर्घटनाओं और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच उनके लिए बीमा सुरक्षा बेहद जरूरी है। ऐसे में सरकार की ओर से योजना का प्रारूप तैयार कर सुझाव आमंत्रित करना पत्रकारों के सामाजिक और आर्थिक हितों की दिशा में सकारात्मक पहल है।

पत्रकारों के सुझावों से बनेगी योजना की रूपरेखा

रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े सहित अन्य पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि शासन पत्रकारों से मिलने वाले सुझावों को योजना में शामिल करेगा।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों की वास्तविक जरूरतों, व्यावहारिक समस्याओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर योजना को प्रभावी बनाया जाना चाहिए। इससे प्रदेश के मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और दुर्घटनाओं के समय आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।

रायपुर प्रेस क्लब की पत्रकारों से खास अपील

प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के पत्रकारों और मीडिया कर्मियों से अपील की है कि वे प्रस्तावित बीमा योजना के प्रारूप को ध्यानपूर्वक पढ़ें। योजना में किसी तरह के सुधार, बदलाव या नई सुविधा की जरूरत महसूस होने पर अपने सुझाव निर्धारित समय के भीतर शासन को भेजें।

प्रेस क्लब का मानना है कि पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी से योजना को ज्यादा व्यापक, व्यावहारिक और लाभकारी बनाया जा सकेगा। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि सुझावों के बाद सरकार योजना को कब अंतिम रूप देती है और प्रदेश के मीडिया कर्मियों को इसका लाभ कब से मिलना शुरू होता है।


संबंधित समाचार