होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों में घुसी बेकाबू बस, 5 की मौत; छठिहार समारोह में मचा कोहराम

ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों में घुसी बेकाबू बस, 5 की मौत; छठिहार समारोह में मचा कोहराम

बिहार के पश्चिम चंपारण में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे समारोह को मातम में बदल दिया। एनएच-727 पर बेतिया-लौरिया मार्ग में बसवरिया और पराउटोला के बीच तेज रफ्तार शाही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसे में दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि तीन घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

छठिहार कार्यक्रम में चल रहा था ऑर्केस्ट्रा

जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार रात छठिहार समारोह आयोजित किया गया था। घर हाईवे के किनारे होने के कारण कार्यक्रम के लिए सड़क के पास ही ऑर्केस्ट्रा रखा गया था। आसपास के लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंचकर कार्यक्रम देख रहे थे। रात करीब 11 बजे लौरिया की तरफ से बेतिया की ओर जा रही शाही बस अचानक बेकाबू हो गई। देखते ही देखते बस सड़क किनारे मौजूद लोगों के बीच जा घुसी और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

गैस सिलेंडर से लदा ट्रक भी गुजर रहा था

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस वक्त हादसा हुआ उस दौरान सड़क पर गैस सिलेंडर से लदा एक ट्रक भी गुजर रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार बस का संतुलन बिगड़ गया। बस के भीड़ में घुसते ही कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पांच लोगों ने गंवाई जान

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के तौर पर हुई है। बताया गया कि दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल पांच लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और बस के अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम छा गया है। जिस समारोह में परिवार और आसपास के लोग खुशियां मना रहे थे, वहां अचानक हुए हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।


संबंधित समाचार