बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में खपरगंज इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद, मारपीट और पथराव के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मामले में फरार चल रहा हिस्ट्रीशीटर सोहेल खान मंगलवार शाम पुलिस के सामने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस हिंसक घटना में पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद से पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस के अनुसार, अब तक दोनों पक्षों से जुड़े कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मामले में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
मामूली विवाद से शुरू हुआ था बवाल
घटना बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरगंज इलाके की है। बीते शनिवार युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरुआती कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई और इसके बाद इलाके में तनाव बढ़ने लगा। स्थिति बिगड़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान पुलिसकर्मियों को भी भीड़ के पथराव का सामना करना पड़ा।
पुलिस दबाव के बीच सोहेल खान ने किया सरेंडर
पथराव और हिंसा के मामले में नाम सामने आने के बाद सोहेल खान फरार बताया जा रहा था। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें सक्रिय थीं। संभावित ठिकानों के साथ-साथ उसके परिचितों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही थी। लगातार पुलिस दबिश और बढ़ते दबाव के बीच सोहेल खान मंगलवार शाम पुलिस के सामने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। हिरासत में लेने के बाद उससे घटना और इसमें शामिल अन्य लोगों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
सोहेल खान ने खुद को बताया निर्दोष
सरेंडर से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान सोहेल खान ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया। उसने दावा किया कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था और उसे गलत तरीके से इस मामले में फंसाया जा रहा है। उसका कहना है कि इलाके में कुछ युवकों के विरोध की जानकारी मिलने के बाद वह घर से बाहर जाने वाला था, लेकिन परिवार के लोगों ने उसे रोक लिया। सोहेल ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए अपनी भूमिका को लेकर पुलिस जांच में सहयोग करने की बात कही है। हालांकि, पुलिस अब पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में उसकी वास्तविक भूमिका की जांच कर रही है।
एसीसीयू की टीम ने की लंबी पूछताछ
सरेंडर के बाद सोहेल खान से एसीसीयू की टीम ने देर रात तक पूछताछ की। पुलिस उससे हिंसा के दौरान मौजूद लोगों, फरार आरोपियों और उनके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान घटना में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। जांच एजेंसियां अब उसके बयान का मिलान सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों से भी कर सकती हैं।
दूसरे पक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
इस मामले में दूसरे पक्ष से जुड़े कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि कार्रवाई एकतरफा की जा रही है और एक पक्ष के लोगों पर अधिक सख्ती दिखाई जा रही है। मंगलवार को पुलिस ने मामले से जुड़े कई लोगों को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली बुलाया। उनसे विवाद की शुरुआत, घटना के दौरान मौजूद लोगों और पथराव में शामिल लोगों के बारे में जानकारी ली गई। पूछताछ के बाद कुछ लोगों को छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच साक्ष्यों और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर की जा रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट और पुरानी रंजिश को लेकर बढ़ा विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि खपरगंज में दोनों गुटों के बीच तनाव की वजह सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक और हिंदू विरोधी टिप्पणी के साथ पुरानी रंजिश भी हो सकती है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद स्थिति तेजी से बिगड़ती चली गई और इलाके में पथराव शुरू हो गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर विवाद की वास्तविक वजह और हिंसा की शुरुआत करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है।
टीआई समेत 9 पुलिसकर्मी हुए घायल
बवाल बढ़ने पर पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। भीड़ को हटाने और स्थिति सामान्य करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया। इसी दौरान भीड़ की ओर से हुए पथराव में तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी समेत कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से हो रही आरोपियों की पहचान
पुलिस अब घटना से जुड़े सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव और हिंसा में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द हिरासत में लिया जाएगा।
फरार आरोपी ठाकुर राम सिंह की तलाश जारी
मामले में दूसरे पक्ष से जुड़े मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह के भी फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। वहीं, सोहेल खान से पूछताछ के बाद पुलिस को उम्मीद है कि बवाल में शामिल अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान इस बात पर है कि शनिवार को हुए हिंसक घटनाक्रम में किस व्यक्ति की क्या भूमिका थी। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।