होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Cyclone Alert: तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान की आहट, चेन्नई समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Cyclone Alert: तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान की आहट, चेन्नई समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Cyclone Alert: बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा दबाव अब गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि यह सिस्टम जल्द ही चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत के तटीय राज्यों, खासकर तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। चेन्नई समेत तमिलनाडु के कई जिलों में 17 नवंबर से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश के साथ तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और गरज-चमक की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं।

बंगाल की खाड़ी में तेजी से मजबूत हो रहा सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में बना गहरा दबाव लगातार मजबूत हो रहा है। अनुमान है कि सोमवार शाम तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' का रूप ले सकता है मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के मुताबिक, इसके बाद तूफान की ताकत और बढ़ सकती है। 19 नवंबर की रात तक इसके बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका जताई गई है। इसके आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र की दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है।

चेन्नई समेत इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 17 नवंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू में भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, 18 नवंबर से कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई में भी तेज बारिश हो सकती है। पुडुचेरी में भी चक्रवाती गतिविधियों का असर पड़ने की आशंका है।

मछुआरों के लिए 21 नवंबर तक समुद्र में जाने पर रोक की सलाह

समुद्र में बन रहे खराब हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। विभाग ने 16 नवंबर से 21 नवंबर तक समुद्र में मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की सलाह दी है। इस दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। ऐसे मौसम में समुद्र में जाना मछुआरों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

तमिलनाडु के कई हिस्सों में पहले ही हो चुकी है बारिश

चक्रवाती तूफान के प्रभाव से पहले ही तमिलनाडु के कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई सोमवार सुबह 5:30 बजे तक मिले आंकड़ों के अनुसार, तूतीकोरिन में सर्वाधिक 20 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा नागरकोइल और कन्याकुमारी में 10-10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई चेन्नई, नीलगिरी, विरुधुनगर और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में भी मध्यम बारिश देखने को मिली।

अगले कुछ दिन तटीय इलाकों के लिए अहम

बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती सिस्टम पर मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है। इसकी दिशा, गति और तीव्रता में होने वाले बदलाव के आधार पर आगे की चेतावनियां जारी की जा सकती हैं। आने वाले दिनों में तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में स्थानीय लोगों को अनावश्यक रूप से समुद्र और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचना चाहिए। मछुआरों को भी मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।


संबंधित समाचार