बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध धान परिवहन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश सीमा पर स्थित धनवार जांच नाके में अधिकारियों की टीम ने 120 क्विंटल धान से लदे एक मेटाडोर वाहन को जब्त किया है। जांच के दौरान वाहन में रखे धान के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर अतिरिक्त तहसीलदार की टीम ने यह कार्रवाई की।
धनवार चेकपोस्ट पर पकड़ा गया धान से भरा मेटाडोर
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले में अवैध धान परिवहन और दूसरे राज्यों से धान लाकर स्थानीय खरीदी व्यवस्था में खपाने की आशंका को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। इसी दौरान धनवार जांच नाके पर वाहनों की जांच के दौरान एक मेटाडोर में 120 क्विंटल धान लोड पाया गया। अधिकारियों ने वाहन चालक से धान के परिवहन से जुड़े जरूरी दस्तावेज मांगे, लेकिन मौके पर संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने धान समेत मेटाडोर को जब्त कर लिया।
जिले में बनाए गए हैं 24 चेक पोस्ट
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी का दायरा बढ़ाया है। इसके तहत पूरे जिले में 24 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन जांच केंद्रों पर दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों और धान के परिवहन पर विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दूसरे राज्यों से अवैध तरीके से धान लाकर छत्तीसगढ़ की सरकारी खरीदी व्यवस्था का अनुचित लाभ न उठाया जा सके।
54 केंद्रों में हो रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी
बलरामपुर जिले में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदने के लिए कुल 54 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से निर्धारित सरकारी दरों पर किसानों की उपज खरीदी जा रही है। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और बिचौलियों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासनिक अमला लगातार सक्रिय है। इससे पहले भी जिले में अवैध धान परिवहन के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन की इस सख्ती से धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों पर शिकंजा कसने की कोशिश की जा रही है।