Health News: ऊंटनी के दूध को सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है. अब इसको लेकर दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के वैज्ञानिकों ने रिसर्च भी की है. ऊंटनी के दूध में पाए जाने वाले लैक्टोफेरिन नाम के प्रोटीन पर ये रिसर्च की गई है. इसमें इस प्रोटीन के कैंसर और डायबिटीज जैसी बीमारियों के ट्रीटमेंट में फायदेमंद मिलने की उम्मीद जगी है. रिसर्च को इंटरनेशनल जर्नल Probiotics and Antimicrobial Proteins में पब्लिश किया गया है. स्टडी में इस खास प्रोटीन में बैक्टीरिया, वायरस और कैंसर सेल्स से लड़ने की क्षमता दिखाई दी है. हालांकि, ये नतीजे अभी शुरुआती रिसर्च पर ही आधारित हैं.
कई बीमारियों के ट्रीटमेंट में फायदेमंद
AIIMS दिल्ली के बायोफिजिक्स विभाग की प्रोफेसर डॉ. सुजाता शर्मा ने इस बारे में Aajtak.in को बताया है. उन्होंने बताया कि ऊंटनी के दूध में मौजूद लैक्टोफेरिन पर रिसर्च की गई है. यह एक प्रोटीन है जो ऊंटनी और कई दूसरे जानवरों के दूध में होता है. इस रिसर्च में ऊंटनी के दूध में मौजूद लैक्टोफेरिन की तुलना इंसान, गाय और घोड़े के लैक्टोफेरिन से की गई. जिसमें पता चला कि ऊंटनी के दूध में मौजूद ये प्रोटीन कई बीमारियों के ट्रीटमेंट में फायदेमंद है, हालांकि इंसानों में इसके असर और सुरक्षा को समझने के लिए अभी बड़े लेवल पर क्लीनिकल ट्रायल की जरूरत है.
एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस से लड़ने में मददगार
ऊंटनी के दूध में मौजूद लैक्टोफेरिन बैक्टीरिया को मिलने वाले आयरन को रोक सकता है. ये प्रोटीन एटीबायोटिक रेजिस्टेंस से लड़ने में भी मददगार है. लैब में हुई रिसर्च में ये पता चला कि इसमें कुछ बैक्टीरिया का असर गाय के दूध में मौजूद लैक्टोफेरिन से बेहतर है. यह कुछ एंटीबायोटिक दवाओं के असर को बढ़ाने में भी मदद कर सकता है.
वायरस और कैंसर पर भी दिखा असर
रिसर्च में इस प्रोटीन के एंटीवायरल गुण भी सामने आए हैं. इसने हेपेटाइटिस-C वायरस और रोटावायरस के संक्रमण को रोकने की क्षमता दिखाई. इसमें ये भी पता चला है कि ऊंटनी के दूध में मौजूद लैक्टोफेरिन कैंसर सेल्स को बढ़ने से रोकने में भी मदद कर सकता है. यह इंसुलिन के बिना भी इंसुलिन रिसेप्टर से जुड़े सिग्नल को एक्टिव करने की क्षमता रखता है. डॉ. सुजाता शर्मा के अनुसार, ऊंटनी के दूध में मौजूद इस प्रोटीन के गुणों को समझकर भविष्य में नई एंटीमाइक्रोबियल दवाएं, कैंसररोधी प्रोटीन और दवाओं को शरीर तक पहुंचाने के बेहतर तरीके विकसित किए जा सकते हैं. हालांकि, अभी यह कहना सही नहीं होगा कि ऊंटनी का दूध पीने से कैंसर, डायबिटीज ठीक हो सकती है. इसके लिए इंसानों पर क्लीनिकल ट्रायल होना जरूरी है.