होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Mandla video: MP में अंधविश्वास की तस्वीर, तांत्रिक की महिला को यातनाएं, वीडियो वायरल

Mandla video: MP में अंधविश्वास की तस्वीर, तांत्रिक की महिला को यातनाएं, वीडियो वायरल

लखन भाण्डे, मण्डला: मध्य प्रदेश के मंडला जिले के घुघरी विकासखंड से दिल दहला देने वाला एक मामला प्रकाश में आया है, जहां अंधविश्वास के चक्कर में एक बेबस महिला को सरेआम अमानवीय यातनाओं का शिकार होना पड़ा। क्षेत्र के किसली गांव का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कथित तांत्रिक द्वारा तंत्र-मंत्र और शुद्धिकरण के नाम पर एक महिला को बेरहमी से प्रताड़ित करते हुए देखा जा सकता है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो के सामने आने के बाद महिला अधिकारों, कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

तमाशबीन बनी रही भीड़ 

वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह पाखंड के जाल में फंसे ग्रामीण एक महिला की बेबसी का तमाशा देख रहे हैं। वीडियो के शुरुआती हिस्से में कथित ढोंगी तांत्रिक, गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर पीड़ित महिला को जबरन दौड़ाते और खदेड़ते हुए पास ही स्थित एक नदी की ओर ले जाता दिखाई दे रहा है।

पानी में दी यातना

इसके बाद का दृश्य और भी विचलित करने वाला है। तांत्रिक महिला को उफनती नदी के बीच ले जाता है और वहां अपनी कथित तांत्रिक क्रियाएं शुरू कर देता है। वीडियो में वह महिला को बेरहमी से बार-बार नदी के गहरे पानी में डुबोते हुए साफ नजर आ रहा है।

मूकदर्शक बने रहे ग्रामीण

सबसे डरावनी बात यह है कि जब महिला तड़प रही थी, तब वहां तमाशबीन बनकर खड़े दर्जनों ग्रामीणों में से किसी एक ने भी आगे बढ़कर उस कथित तांत्रिक को रोकने या महिला को बचाने का साहस नहीं दिखाया। इस पूरे मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

उठ रहे सवाल, जांच का इंतजार

अंधविश्वास के नाम पर महिला उत्पीड़न का यह हाई-वोल्टेज ड्रामा इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बन चुका है। लोग दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, जिला प्रशासन या स्थानीय पुलिस की ओर से अब तक इस वायरल वीडियो पर कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह वीडियो कितना पुराना है और घटना के बाद पीड़िता की मानसिक और शारीरिक स्थिति क्या है, यह तो पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। 


संबंधित समाचार