भारत एक ऐसा देश है जहाँ प्राचीन इतिहास, धार्मिक आस्था और रहस्य साथ-साथ चलते हैं। यहां ऐसी कई जगहें हैं जो ना केवल हैरान कर देती हैं, बल्कि आज भी वैज्ञानिक और शोधकर्ता उनके पीछे छिपे रहस्यों को पूरी तरह समझ नहीं पाए हैं। आइए जानते हैं भारत की कुछ ऐसी रहस्यमयी जगहों के बारे में, जो आज भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
रूपकुंड झील – कंकालों की रहस्यमयी झील
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में स्थित रूपकुंड झील समुद्र तल से करीब 5,029 मीटर की ऊंचाई पर है। इसे 'कंकालों की झील' के नाम से जाना जाता है। 1942 में एक ब्रिटिश फॉरेस्ट गार्ड ने यहां सैकड़ों इंसानी कंकालों को देखा था। यह झील त्रिशूल जैसी दिखने वाली तीन हिमालयी चोटियों के बीच बसी हुई है। आज भी झील में कंकाल मौजूद हैं और वैज्ञानिक इस रहस्य पर रिसर्च कर रहे हैं।
वृंदावन का रंगमहल – जहां रात को श्रीकृष्ण करते हैं विश्राम
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में स्थित निधिवन परिसर का रंगमहल मंदिर एक बड़ा रहस्य समेटे हुए है। मान्यता है कि रात को स्वयं भगवान श्रीकृष्ण यहाँ राधारानी संग आते हैं और शयन करते हैं। मंदिर में रोज़ाना उनके लिए पलंग लगाया जाता है और माखन-मिश्री का भोग रखा जाता है। सुबह जब मंदिर खुलता है, तो भोग समाप्त होता है और बिस्तर अस्त-व्यस्त मिलता है। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि अंधेरा होते ही मंदिर के दरवाज़े अपने आप बंद हो जाते हैं।
अलेया भूत लाइट – दलदली क्षेत्र में दिखती है आत्माओं की रोशनी?
पश्चिम बंगाल के दलदली इलाकों में देखी जाने वाली अलेया लाइट्स को लेकर कहा जाता है कि ये उन मछुआरों की आत्माएं हैं जो मछली पकड़ते वक्त मारे गए थे। लोककथाओं के अनुसार, इस रोशनी को देखने वाला व्यक्ति रास्ता भटक जाता है या उसकी मौत हो जाती है। वैज्ञानिक इसे दलदल में बनने वाली मीथेन गैस से जोड़ते हैं, जो किसी तत्व के संपर्क में आकर चमक उत्पन्न कर सकती है।
जतिंगा गांव – पक्षियों की रहस्यमयी आत्महत्या
असम के दिमा हासाओ जिले में स्थित जतिंगा गांव पक्षियों की सामूहिक आत्महत्या के लिए जाना जाता है। हर साल सितंबर में यहां शाम 7 से रात 10 बजे के बीच स्थानीय और प्रवासी पक्षी अजीब व्यवहार करते हैं और पेड़ों या घरों से टकराकर अपनी जान दे देते हैं। यह रहस्य अभी तक पूरी तरह नहीं सुलझ पाया है कि आखिर ये पक्षी ऐसा क्यों करते हैं।
लटकते खंभे का रहस्य – विरुपाक्ष मंदिर, आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश के वीरभद्र मंदिर (लेपाक्षी) में स्थित एक खंभा ऐसा है जो ज़मीन को बिल्कुल नहीं छूता। मंदिर में कुल 70 खंभे हैं, लेकिन एक खंभा हवा में लटका हुआ है। मान्यता है कि लोग इसके नीचे कपड़ा या कागज़ सरकाकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। यह खंभा आज भी वास्तुशिल्प और भौतिकी के लिए रहस्य बना हुआ है।