कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नई गिरफ्तारी के बाद इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब तक कुल 12 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जितेंद्र त्रिपाठी, अनिल तिवारी और मनीष त्रिपाठी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में कराया गया।
साजिश के हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नौगई तिहरे हत्याकांड की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और घटना से जुड़े नए तथ्य सामने आ रहे हैं। जांच टीम मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि वारदात के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि घटना में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य पूरे षड्यंत्र का खुलासा करना और सभी आरोपियों को न्यायालय तक पहुंचाना है।
आगे और हो सकती हैं गिरफ्तारियां
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस सबूतों को मजबूत करने और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।नौगई ट्रिपल मर्डर केस में लगातार हो रही गिरफ्तारियां इस बात का संकेत हैं कि जांच एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेकर हर पहलू पर काम कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि निष्पक्ष जांच के जरिए सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।