होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

दुर्ग में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत, आत्मदाह के 7 दिन बाद तोड़ा दम

दुर्ग में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत, आत्मदाह के 7 दिन बाद तोड़ा दम

दुर्ग : जिले में एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता की आत्मदाह से जुड़ी घटना का दुखद अंत हो गया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान शबाना निशा (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कांग्रेस पार्टी से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई थीं।

यह मामला 22 जनवरी का है। शबाना निशा दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पचरीपारा इलाके में किराए के मकान में रह रही थीं। बताया जा रहा है कि वह जिस मकान में रह रही थीं, उसे खरीदने की इच्छुक थीं, लेकिन मकान मालिक इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मकान मालिक की ओर से शबाना पर घर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसे लेकर मामला अदालत तक पहुंच गया।

95 प्रतिशत तक झुलस गईं: 

डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस और कोर्ट स्टाफ मकान खाली कराने मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान शबाना घर के अंदर गईं और खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। घटना में वह करीब 95 प्रतिशत तक झुलस गईं। परिजन और पुलिस तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया।

डीकेएस अस्पताल में शबाना का इलाज लगातार सात दिनों तक चला, लेकिन गंभीर जलने की वजह से उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। अंततः शुक्रवार 30 जनवरी को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शबाना की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

कोर्ट के आदेश के तहत की जा रही थी कार्रवाई :

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट के आदेश के तहत कार्रवाई की जा रही थी, इसी बीच महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि शबाना निशा कांग्रेस पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता थीं और उन्होंने वार्ड क्रमांक 28 पचरीपारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद का चुनाव भी लड़ा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


संबंधित समाचार