होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

IPL 2026 Final: चेज मास्टर कोहली का जलवा, रसिक-भुवी की धार से RCB बनी लगातार दूसरी बार चैंपियन...

IPL 2026 Final: चेज मास्टर कोहली का जलवा, रसिक-भुवी की धार से RCB बनी लगातार दूसरी बार चैंपियन...

IPL Final 2026: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटन्स (GT) को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। विराट कोहली की विस्फोटक पारी से RCB चैंपियन बनी,  विराट कोहली की नाबाद 75 रन की मैच जिताऊ पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने RCB की जीत की नींव रखी, और गुजरात को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार  खिताब जीता है।

कोहली ने दिखाया क्यों कहलाते हैं चेज मास्टर

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों में गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और सिर्फ 4.3 ओवर में 62 रन जोड़ दिए। वेंकटेश अय्यर के आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या भी जल्दी पवेलियन लौट गए। एक समय RCB का स्कोर 91 रन पर 4 विकेट था, लेकिन विराट कोहली ने दूसरे छोर से जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। उन्होंने अपने अनुभव और संयम का शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिरी तक क्रीज पर टिके रहकर मैच खत्म किया। उनकी इस शानदार पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

टिम डेविड ने निभाई अहम भूमिका

मध्यक्रम में टिम डेविड ने 17 गेंदों पर 24 रन की उपयोगी पारी खेलकर कोहली का बेहतरीन साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने गुजरात की वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया। मैच के दौरान कोहली को एक जीवनदान भी मिला, जब शुभमन गिल ने उनका कैच लेने का दावा किया, लेकिन टीवी रिप्ले में गेंद जमीन को छूती दिखाई दी और उन्हें नॉट आउट करार दिया गया। इसके बाद कोहली ने कोई मौका नहीं गंवाया और विजयी छक्का लगाकर टीम को खिताब दिलाया।

गेंदबाजों ने गुजरात को बांधे रखा

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गए। पावरप्ले समाप्त होने तक गुजरात का स्कोर सिर्फ 45 रन पर 2 विकेट था। RCB के गेंदबाजों ने धीमी पिच का भरपूर फायदा उठाया और गुजरात के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का अवसर नहीं दिया।

वॉशिंगटन सुंदर की फिफ्टी भी नहीं बचा सकी गुजरात

शीर्ष क्रम के फ्लॉप होने के बाद जोस बटलर और वॉशिंगटन सुंदर ने पारी संभालने की कोशिश की। हालांकि बटलर 19 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों में नाबाद 50 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे, जिसके कारण गुजरात की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी।

रसिक सलाम डार और भुवनेश्वर बने जीत के हीरो

RCB की ओर से युवा तेज गेंदबाज रसिक सलाम डार ने सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट झटके, जबकि अन्य गेंदबाजों ने भी कसी हुई गेंदबाजी कर रन गति पर नियंत्रण बनाए रखा।

रजत पाटीदार ने रचा कप्तानी का इतिहास

इस जीत के साथ कप्तान रजत पाटीदार का नाम IPL इतिहास के उन चुनिंदा कप्तानों में शामिल हो गया है जिन्होंने अपनी टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाया है। इससे पहले यह उपलब्धि महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज कप्तानों के नाम दर्ज थी।

जश्न में डूबा RCB खेमा

जैसे ही विराट कोहली ने विजयी छक्का लगाया, पूरा RCB डगआउट खुशी से झूम उठा। साथी खिलाड़ी मैदान पर दौड़ पड़े और कोहली को घेर लिया। 2008 से इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे विराट के लिए यह जीत बेहद खास रही। IPL 2026 का फाइनल पूरी तरह RCB के नाम रहा। गेंदबाजों ने गुजरात को सीमित स्कोर पर रोका, बल्लेबाजों ने दबाव नहीं बनने दिया और विराट कोहली ने अपनी क्लास दिखाते हुए टीम को यादगार जीत दिलाई।


संबंधित समाचार