उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के भाटपचलाना थाना क्षेत्र के चिरोला गांव में स्थित एक डबरी में डूबने से दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों दोस्त मंगलवार सुबह घर से निकले थे। जिसके बाद देर शाम जब वापस नहीं लौटे तो परिजनों को घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
मृतकों में एक नाबालिग और एक बालिक शामिल
पुलिस ने मृतकों की पहचान चिरोली निवासी 16 वर्षीय अजय पिता सुमन दास बैरागी और 20 वर्षीय कमल पिता हीरालाल माली के रूप में की है। बताया जा रह है कि दोनों दोस्त मंगलवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकले थे। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार को लगा कि दोनों गांव में चल रहे नाइट क्रिकेट मैच देखने गए होंगे। लेकिन आधी रात होने के बाद भी जब दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
डबरी के किनारे मिले बाइक, मोबाइल और चप्पलें
जिसके बाद बुधवार सुबह डबरी के किनारे दोनों की बाइक, मोबाइल और चप्पलें मिली। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों के शव को डबरी से बाहर निकाला गया । घटना के चलते पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस का अनुमान है कि दोनों नहाने गए होंगे और हादसे का शिकार हो गए। हालांकि अभी कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीएम रिपोर्ट, मृतकों के अन्य दोस्तों से पूछताछ और जांच पड़ताल के बाद घटना का खुलासा होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।