मंदसौर : मध्य प्रदेश के मंदसौर में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक्सीडेंट में 1 घायल हो गया। हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ। जिसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में आगे की जांच शुरू की। हादसा मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में हुआ।
खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे सभी
दरअसल, हरियाणा से कुछ श्रद्धालु सांवरिया सेठ और खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे। इस दौरान उनकी तेज रफ्तार कार एक्सप्रेसवे पर ट्रक में पीछे जा घुसी। जिसकी वजह से गाड़ी में सवार 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हादसा इतना ज्यादा भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
4:30 बजे के आस पास हुआ हादसा
हादसा मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे के आस पास हुआ। बताया जा रहा है कि हादसा गरोठ एंट्री गेट के पास उस समय हुआ, जब एक ट्रक एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। गरोठ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। सभी मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है।
इनकी हुई मौत
हादसे में अरविंद पुत्र रोशनलाल निवासी सिकंदरपुर, गुरुग्राम, बिंदर पुत्र जगतसिंह निवासी नाथूपुर, गुरुग्राम और कैलाश निवासी अलवर (राजस्थान) की मौत हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई थी। शवों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।