T20I Rankings: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड से पहले जारी ताज़ा आईसीसी टी20आई प्लेयर रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारत के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ईशान किशन ने 17 पायदान की जबरदस्त छलांग लगाकर टॉप-10 में जगह बना ली है, जबकि युवा बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा अब भी नंबर-1 स्थान पर कायम हैं।
ऑलराउंडर रैंकिंग में फिर शीर्ष पर सैम अयूब:
ऑलराउंडर रैंकिंग में पाकिस्तान के सैम अयूब ने दोबारा नंबर-1 पोज़िशन हासिल कर ली है। जिम्बाब्वे के सिकंदर रज़ा को एक स्थान का नुकसान हुआ और वे दूसरे नंबर पर खिसक गए। नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी और अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई ने भी उल्लेखनीय सुधार करते हुए शीर्ष-4 में जगह मजबूत की है।
बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में हलचल:
भारत के लिए सबसे बड़ी खबर ईशान किशन का टॉप-10 में पहुंचना रही। अभिषेक शर्मा – नंबर-1, ईशान किशन – आठवां स्थान (17 पायदान की छलांग), तिलक वर्मा – एक स्थान का फायदा, और सूर्यकुमार यादव – छठा स्थान पर हैं। श्रीलंका के पथुम निसांका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। दक्षिण अफ्रीका के रयान रिकेल्टन और एडन मार्करम ने भी लंबी छलांग लगाई।
गेंदबाज़ों की रैंकिंग में कड़ी टक्कर:
गेंदबाज़ों की सूची में अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं और भारत के वरुण चक्रवर्ती के बेहद करीब हैं, जो फिलहाल शीर्ष पर बने हुए हैं। जिम्बाब्वे के ब्रैड इवांस ने दो मैचों में लगातार तीन-तीन विकेट लेकर पांचवां स्थान हासिल किया। भारत के अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने भी रैंकिंग में सुधार किया, जबकि आयरलैंड के मैथ्यू हम्फ्रीज़ ने 23 स्थान की बड़ी छलांग लगाई।
सुपर-8 से पहले बदलती तस्वीर:
टी20 वर्ल्ड कप के बीच जारी इस रैंकिंग अपडेट से साफ है कि हर मैच के साथ समीकरण बदल रहे हैं। नंबर-1 की जंग अभी खुली हुई है और सुपर-8 चरण में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से रैंकिंग में और बड़े बदलाव संभव हैं।