भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने रिटायर्ड बैंक अधिकारियों के लिए एक बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। बैंक ने कॉन्करेंट ऑडिटर (Concurrent Auditor) के पदों पर नियुक्ति के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 821 पदों को भरा जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार SBI की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 14 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और 11 जून 2026 तक चलेगी।
किन उम्मीदवारों को मिलेगा मौका?
इस भर्ती के लिए केवल वे ही रिटायर्ड बैंक अधिकारी पात्र होंगे जिनके पास क्रेडिट, ऑडिट या फॉरेक्स विभाग में काम करने का अनुभव है। नियमों के अनुसार, उम्मीदवार का सामान्य सेवानिवृत्ति (Superannuation) के तहत 60 वर्ष की उम्र में रिटायर होना अनिवार्य है।
हालांकि, स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS), इस्तीफा देने वाले या समय से पहले सेवा छोड़ने वाले अधिकारी इस भर्ती के लिए योग्य नहीं होंगे। लेकिन वे अधिकारी जिन्होंने 58 वर्ष की उम्र और 30 साल की सेवा पूरी करने के बाद VRS लिया है, उन्हें 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर आवेदन करने की अनुमति दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया कैसे होगी?
उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। पहले बैंक की चयन समिति तय मानकों के अनुसार आवेदनों की स्क्रीनिंग करेगी। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, जो कुल 100 अंकों का होगा।
अंतिम मेरिट सूची इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं, तो अधिक उम्र वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी।
सैलरी कितनी मिलेगी?
SBI ने अलग-अलग रिटायरमेंट ग्रेड के अनुसार मासिक वेतन तय किया है।
MMGS-III ग्रेड: ₹45,000 प्रतिमाह
SMGS-IV ग्रेड: ₹50,000 प्रतिमाह
SMGS-V ग्रेड: ₹65,000 प्रतिमाह
TEGS-VI ग्रेड: ₹80,000 प्रतिमाह
बैंक ने स्पष्ट किया है कि यह भुगतान पेंशन से अलग होगा और पेंशन लाभ पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार SBI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
सबसे पहले करियर सेक्शन में जाकर “Concurrent Auditor Recruitment 2026” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद ऑनलाइन फॉर्म भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और फॉर्म सबमिट करें। आवेदन की कॉपी भविष्य के लिए सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।