होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रूपकुमारी चौधरी का बड़ा बयान: बोलीं- 2047 के विकसित भारत में नारी शक्ति की भूमिका होगी निर्णायक

रूपकुमारी चौधरी का बड़ा बयान: बोलीं- 2047 के विकसित भारत में नारी शक्ति की भूमिका होगी निर्णायक

रायपुर: भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में महिलाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा, खेल, कारोबार से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।

बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान रूपकुमारी चौधरी ने नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव समेत केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया।

3 करोड़ महिलाओं के ‘लखपति दीदी’ बनने का दावा

रूपकुमारी चौधरी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश में करीब 3 करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। उनके मुताबिक, इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज इलाकों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि आज महिलाओं की भूमिका केवल परिवार तक सीमित नहीं रह गई है। विमानन, खेल, पर्वतारोहण और अन्य क्षेत्रों में महिलाएं अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। उनके अनुसार विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महिला शक्ति की भागीदारी बेहद अहम होगी।

महिला सशक्तिकरण के लिए केंद्र की योजनाओं का किया उल्लेख

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की कई योजनाओं को महिला और ग्रामीण सशक्तिकरण से जोड़ते हुए उनका उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को पक्के मकान के लिए सहायता, आयुष्मान भारत के जरिए स्वास्थ्य सुविधाएं और किसानों को आर्थिक सहयोग जैसी योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना और पीएम सूर्य घर योजना का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि इन योजनाओं के जरिए परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ महिलाओं के जीवन में भी बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ की योजनाओं को भी बताया अहम

रूपकुमारी चौधरी ने छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं, किसानों और ग्रामीण वर्गों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, नियद नेल्लानार योजना, रानी दुर्गावती योजना, श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना और सरस्वती साइकिल योजना का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र विवाहित महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं कृषक उन्नति योजना का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने से जुड़ा है।

आर्थिक विकास को लेकर भी रखी बात

पत्रकार वार्ता के दौरान रूपकुमारी चौधरी ने भारत की आर्थिक प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है।

उन्होंने 7.8 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर का उल्लेख करते हुए इसे केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का व्यापक उद्देश्य महिलाओं, किसानों, गरीबों और ग्रामीण परिवारों को मजबूत करना है, ताकि विकास प्रक्रिया में उनकी भागीदारी और बढ़ सके।

विकसित भारत के लक्ष्य में महिलाओं की भागीदारी पर जोर

रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने से देश की विकास यात्रा को और गति मिल सकती है।उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में नारी शक्ति देश के विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


संबंधित समाचार