होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

राम मंदिर ट्रस्ट ने CEO चयन पर दिया स्पष्टीकरण, 5,585 आवेदनों की हुई थी स्क्रीनिंग

राम मंदिर ट्रस्ट ने CEO चयन पर दिया स्पष्टीकरण, 5,585 आवेदनों की हुई थी स्क्रीनिंग

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के चयन को लेकर सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आ रहे दावों को भ्रामक बताया है। ट्रस्ट की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज में चयन प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी साझा की गई है। ट्रस्ट ने कहा कि CEO के चयन की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।

ट्रस्ट के महासचिव के मुताबिक, एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र के चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं होने से जुड़ी खबरें तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि जितेंद्र मिश्र 11 अगस्त को पहली पाली में आयोजित व्यक्तिगत साक्षात्कार में शामिल हुए थे।

5,585 उम्मीदवारों ने किया था आवेदन

ट्रस्ट के अनुसार, CEO पद के लिए चयन प्रक्रिया शुरू करने के लिए 6 जुलाई को एक उच्चस्तरीय सर्च कमेटी गठित की गई थी। इस पद के लिए देशभर से कुल 5,585 आवेदन प्राप्त हुए थे।

आवेदनों की जांच के लिए कई चरणों वाली स्क्रीनिंग प्रक्रिया अपनाई गई। तकनीक आधारित स्क्रीनिंग दिल्ली-एनसीआर, पुणे और संबलपुर में की गई। अलग-अलग चरणों में मूल्यांकन के बाद सिर्फ 16 उम्मीदवारों को अंतिम चयन प्रक्रिया के लिए योग्य पाया गया।

16 उम्मीदवारों का अयोध्या में इंटरव्यू

शॉर्टलिस्ट किए गए 16 उम्मीदवारों का 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में आमने-सामने व्यक्तिगत साक्षात्कार लिया गया। ट्रस्ट ने सोशल मीडिया पर चल रहे उन दावों को खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए थे।

ट्रस्ट के मुताबिक, जितेंद्र मिश्र 11 अगस्त की पहली पाली में इंटरव्यू बोर्ड के सामने उपस्थित हुए थे। चयन प्रक्रिया से संबंधित सभी आधिकारिक दस्तावेज और रिकॉर्ड ट्रस्ट के पास सुरक्षित हैं।

1 सितंबर को सौंपी गई अंतिम रिपोर्ट

चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्क्रीनिंग कमेटी ने सभी उम्मीदवारों के प्रदर्शन और योग्यता का विस्तृत मूल्यांकन किया। इसके बाद कमेटी ने 1 सितंबर को अपनी अंतिम रिपोर्ट और सिफारिशें ट्रस्ट को सौंप दीं।

रिपोर्ट में तीन उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया गया था। इसमें एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र के साथ संजय प्रतापसिंह विश्वास राव और श्रुति भारद्वाज के नाम शामिल थे।

2 सितंबर को जितेंद्र मिश्र की नियुक्ति

स्क्रीनिंग कमेटी की रिपोर्ट और चयन प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिकताओं की समीक्षा के बाद ट्रस्ट ने 2 सितंबर को एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की।

ट्रस्ट ने कहा है कि CEO की नियुक्ति निर्धारित प्रक्रिया और योग्यता के आधार पर की गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा न करें।


संबंधित समाचार