भोपाल : मध्य प्रदेश पुलिस विभाग के स्वास्थ्य सुरक्षा को बेहतर करने के लिए पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा ने एक बड़ा फैसला लेते हुए पुलिस कर्मियों की इलाज की राशि बढ़ा कर 14 लाख रुपये कर दी है। इतना ही नहीं इलाज में कई गंभीर बीमारियों को शामिल किया है। ताकि प्रदेश के पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को बिना किसी दिक्कत के समय पर बेहतर इलाज मिल सके।
न्यासी मंडल की बैठक में लिया गया फैसला
दरअसल, मप्र में पुलिस स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता की राशि को बढ़ा दिया गया है। यह फैसला पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में हुई न्यासी मंडल की बैठक में कुछ दिन पहले लिया गया।
इन गंभीर बीमारियों को किया गया शामिल
इस नए बदलाव के तहत न केवल सहायता राशि की सीमा को बढ़ाया गया है, बल्कि हार्ट अटैक, लकवा यानी पैरालिसिस, कैंसर, कोमा, ऑर्गन ट्रांसप्लांट और ओपन हार्ट सर्जरी जैसी गंभीर बीमारियों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान घायल होने या सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों में भी कर्मचारियों को इलाज का लाभ मिलेगा।
परिवार के सदस्य भी उठा सकेंगे लाभ
इतना ही नहीं आपातकालीन स्थितियों में गैर-अनुबंधित या गैर-मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों में भी मरीज के स्थिर होने तक कैशलेस इलाज की विशेष सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही योजना का लाभ न केवल पुलिसकर्मी बल्कि उनके आश्रित परिवार के सदस्य भी उठा सकेंगे। विभाग का कहना है कि कई बार गंभीर बीमारी के कारण परिवार आर्थिक संकट में आ जाता है। ऐसे मामलों में यह स्वास्थ्य कवर बड़ी सहायता साबित होगा।