होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

अब हर बार नहीं देना होगा टोल! 20 KM दायरे के लोगों के लिए NHAI की बड़ी राहत

अब हर बार नहीं देना होगा टोल! 20 KM दायरे के लोगों के लिए NHAI की बड़ी राहत

नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित यात्रा करने वाले स्थानीय निवासियों के लिए नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। अब टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले नागरिक 'राजमार्गयात्रा' (RajmargYatra) मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन लोकल टोल पास प्राप्त कर सकेंगे। इस पास के जरिए संबंधित टोल प्लाजा से पूरे महीने बिना बार-बार शुल्क चुकाए असीमित यात्रा की जा सकेगी।

घर बैठे मिलेगी लोकल पास की सुविधा

नई व्यवस्था के तहत पात्र नागरिकों को टोल कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने मोबाइल से ही आवेदन कर डिजिटल पास जारी करा सकेंगे। इससे रोजाना आवागमन करने वाले स्थानीय लोगों का समय और प्रक्रिया दोनों आसान हो जाएंगे।

एक ही ऐप पर कई जरूरी सेवाएं

NHAI ने 'राजमार्गयात्रा' ऐप को केवल टोल पास तक सीमित नहीं रखा है। अब उपयोगकर्ता अपने FASTag का ब्लैकलिस्ट स्टेटस, लंबित ई-नोटिस और अन्य जरूरी जानकारियां भी इसी प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे।

22 भारतीय भाषाओं में दर्ज होगी शिकायत

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐप में शिकायत निवारण प्रणाली को भी मजबूत किया गया है। उपयोगकर्ता 22 भारतीय भाषाओं में अपनी शिकायत, सुझाव या सवाल लिखकर या बोलकर दर्ज कर सकेंगे। संबंधित विभाग तक शिकायत पहुंचाने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की सुविधा भी ऐप में दी गई है।

'मार्ग मित्र' से मिलेगी त्वरित सहायता

NHAI ने 'मार्ग मित्र' सहायता सेवा को भी राजमार्गयात्रा ऐप से जोड़ दिया है। यह प्लेटफॉर्म राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को जानकारी प्राप्त करने, सहायता लेने और शिकायत दर्ज कराने के लिए एकीकृत डिजिटल सुविधा प्रदान करेगा।

यात्रा को सुरक्षित और आसान बनाने की पहल

प्राधिकरण का कहना है कि इन नई सुविधाओं का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और डिजिटल बनाना है। लोकल पास, FASTag सेवाएं और शिकायत निवारण जैसी सुविधाएं एक ही ऐप पर मिलने से यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।


संबंधित समाचार