होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MP News Today: भोपाल से इंदौर तक CM मोहन का कार्यक्रम, किसानों को 17 अगस्त से मिलेगी खाद, जेलों से 115 बंदी रिहा

MP News Today: भोपाल से इंदौर तक CM मोहन का कार्यक्रम, किसानों को 17 अगस्त से मिलेगी खाद, जेलों से 115 बंदी रिहा

MP Morning News: मध्य प्रदेश में आज का दिन कई अहम गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल और इंदौर में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं प्रदेश में किसानों के लिए खाद वितरण को लेकर सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है। 17 अगस्त से उर्वरक वितरण शुरू किया जाएगा। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश की जेलों से 115 बंदियों को समय पूर्व रिहा किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को भोपाल और इंदौर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद सुबह 11:45 बजे वे वाटर स्पोर्ट्स अकादमी स्थित बोट क्लब पहुंचेंगे। यहां तीसरी राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल (रैंकिंग) सेलिंग चैम्पियनशिप 2026 के समापन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री मानसरोवर डेंटल कॉलेज पहुंचेंगे, जहां पूज्य संत श्री दादागुरू महाराज के सानिध्य में आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 2:15 बजे वे भोपाल से इंदौर के लिए रवाना होंगे।

इंदौर में भी कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:45 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में 14 डी सिनेमा थिएटर और वर्चुअल जंगल सफारी का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 3:30 बजे इंदौर के दशहरा मैदान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 3:45 बजे अटल पथ पर विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब 5:15 बजे इंदौर से भोपाल लौटेंगे।

किसानों के लिए बड़ी खबर, 17 अगस्त से खाद वितरण

मध्य प्रदेश में उर्वरक की उपलब्धता को लेकर सरकार ने कहा है कि प्रदेश में खाद की पर्याप्त व्यवस्था है और किसानों को खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। 17 अगस्त से किसानों को खाद का वितरण शुरू किया जाएगा। सरकार के मुताबिक किसानों की जरूरत के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं 20 अगस्त से 'हर किसान, हर घर, हर खेत खाद अभियान' शुरू करने की तैयारी है। इस अभियान के तहत किसानों को जरूरत के मुताबिक अग्रिम रूप से खाद उपलब्ध कराने की योजना है। 14 अगस्त की शाम से 15 और 16 अगस्त तक उर्वरक बिक्री बंद रखी गई थी। इस दौरान स्टॉक मिलान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसे 16 अगस्त की शाम तक पूरा करने की बात कही गई है।

प्रदेश में उपलब्ध उर्वरक का स्टॉक
यूरिया: 4.21 लाख मीट्रिक टन
DAP + NPK: 4.10 लाख मीट्रिक टन
SSP: 3.17 लाख मीट्रिक टन

स्वतंत्रता दिवस पर 115 कैदी समय पूर्व रिहा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश की विभिन्न जेलों से कुल 115 कैदियों को रिहा किया गया। इनमें 110 पुरुष और 5 महिला बंदी शामिल हैं। यह रिहाई जेल विभाग की समय पूर्व रिहाई नीति 2025 के तहत की गई है। बंदियों के अच्छे आचरण, अनुशासित व्यवहार और जेल के निर्धारित नियमों का पालन करने के आधार पर उन्हें समय से पहले रिहाई दी गई। जिसमें से जबलपुर सर्किल  18 भोपाल सर्किल 15, रीवा सर्किल 15, सतना सर्किल  11, इंदौर सर्किल  12, उज्जैन सर्किल 12, सागर सर्किल 8, नर्मदापुरम सर्किल 7, बड़वानी सर्किल 7, ग्वालियर सर्किल 6,  नरसिंहपुर सर्किल 4 से कितने कैदी रिहा हुए हैं, इस तरह मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अच्छे आचरण वाले 115 बंदियों को नई शुरुआत का अवसर मिला।


संबंधित समाचार