MP Breaking News: मध्य प्रदेश में आज की तीन बड़ी खबरें सामने आई हैं। TET परीक्षा की तारीख तय कर दी गई है, प्रदेश में 10 नई ई-बसों की शुरुआत होने जा रही है और मौसम विभाग ने 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शिक्षा, परिवहन और मौसम से जुड़ी इन खबरों पर प्रदेशवासियों की नजर बनी हुई है।
TET परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट
मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) की ओर से परीक्षा का टाइम टेबल जारी कर दिया गया है। प्रदेश में TET परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जबकि अभ्यर्थी 4 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। जानकारी के मुताबिक करीब डेढ़ लाख शिक्षक इस पात्रता परीक्षा में शामिल होंगे। यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद आयोजित की जा रही है। विशेष रूप से 1998 से 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों के लिए पात्रता परीक्षा महत्वपूर्ण है।
TET आवेदन और संशोधन की तारीख
परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षक 21 अगस्त से 4 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर 21 अगस्त से 9 सितंबर तक संशोधन का मौका दिया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले प्रत्येक शिक्षक को 1,000 रुपये परीक्षा शुल्क का भुगतान करना होगा।
150 सवाल, 150 अंक और 2 घंटे 30 मिनट का पेपर
प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी। परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को 2 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा। खास बात यह है कि परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं होगी, यानी गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे।
वर्ग के अनुसार अलग-अलग पासिंग मार्क
TET परीक्षा में न्यूनतम उत्तीर्ण अंक वर्ग के अनुसार निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वर्ग: न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक SC/ST/OBC/दिव्यांग/EWS: न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक रखा है, इस तरह सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को परीक्षा पास करने के लिए कम से कम 90 अंक, जबकि आरक्षित एवं निर्धारित अन्य वर्गों के अभ्यर्थियों को 75 अंक हासिल करने होंगे।
भोपाल में 10 नई ई-बसें शुरू, बढ़ेगी कनेक्टिविटी
इधर राजधानी भोपाल में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। आज से 10 नई ई-बसों का संचालन शुरू किया गया है। नई बसों के शुरू होने से बैरागढ़, कोलार और बावड़ियाकलां जैसे इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। सभी नई ई-बसें एमपी नगर से होकर गुजरेंगी, जिससे शहर के प्रमुख क्षेत्रों को सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी। नई बसों के जुड़ने के बाद भोपाल में ई-बसों की कुल संख्या बढ़कर 20 हो गई है। इससे यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून
मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है। रीवा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट बताया गया है। इसके अलावा टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, कटनी, शहडोल, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, डिंडौरी, सतना, मऊगंज, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश का दौर बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।