Morning Breaking: छत्तीसगढ़ मॉर्निंग ब्रेकिंग में पढ़ें सीएम विष्णुदेव साय का बस्तर दौरा कार्यक्रम, तमनार महिला सिपाही मारपीट मामले में पुलिस की कार्रवाई, कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी को हटाने की खबर और केंद्र से 665 करोड़ की सड़क सौगात।
सीएम साय आज करेंगे बस्तर का दौरा:
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बस्तर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे दंतेवाड़ा के लिए रवाना होंगे। यहां वे माता दंतेश्वरी के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।पूजा के बाद मुख्यमंत्री 12:45 बजे बस्तर पण्डुम 2026 कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात 02:30 बजे वे दंतेवाड़ा से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री सिविल लाइन स्थित निवास में कुछ समय विश्राम करेंगे और फिर शाम 5 बजे रायपुर से दिल्ली रवाना होंगे। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली में रात्रि विश्राम करेंगे।
तमनार महिला सिपाही मारपीट मामला:
रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में महिला सिपाही को अर्धनग्न कर मारपीट करने के मामले में अब पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। घटना के खुलासे के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में दो संदेहियों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मौके पर एक एडिशनल एसपी, एक डीएसपी, आधा दर्जन टीआई समेत 100 से अधिक पुलिस जवान मौजूद थे।प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के फंसने के बाद कई वरिष्ठ अधिकारी मौके से चले गए थे। वहीं इस संवेदनशील मामले पर रायगढ़ एसपी दिव्यांग पटेल ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है।
कांग्रेस ने प्रवक्ता विकास तिवारी को पद से हटाया:
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए नेता विकास तिवारी को पार्टी प्रवक्ता पद से हटा दिया है। यह कार्रवाई प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर की गई है। कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू ने विकास तिवारी को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। दरअसल, विकास तिवारी ने झीरम घाटी जांच आयोग से कांग्रेस और भाजपा दोनों के वरिष्ठ नेताओं के नार्को टेस्ट की मांग की थी। यह मांग उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बयान के बाद सार्वजनिक रूप से रखी थी।
छत्तीसगढ़ को मिली केंद्र सरकार की सौगात:
नए साल की शुरुआत में छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार से बड़ी सौगात मिली है। भारत सरकार ने लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए राज्य के 4 सड़क खंडों के लिए 665 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस परियोजना के तहत 5 जिलों में 174 किलोमीटर सड़क को चौड़ा और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।