राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंडरी थाना पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 11.400 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी गांजा बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश में थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर आगे की जांच की जा रही है।
रेलवे फाटक के पास पकड़ा गया पहला आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक संदिग्ध गतिविधियों के साथ कांपा रेलवे फाटक के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मनीष गुप्ता (21) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से 7.330 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की गई। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है और वर्तमान में दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा क्षेत्र में रह रहा था।
दूसरी कार्रवाई में भी मिला गांजा
पुलिस ने दूसरी कार्रवाई कांपा मालधक्का क्षेत्र में की, जहां वासुदेव जगताप (26) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास मौजूद बैग की जांच में 4.070 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार वासुदेव भी दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा क्षेत्र का निवासी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुए मामले
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पंडरी में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने उनके विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद गांजे की कुल मात्रा 11.400 किलोग्राम बताई गई है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही संभावित तस्करी नेटवर्क और अन्य आरोपियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।