सिक्किम में लैंडस्लाइड से सेना के कैंप पर कहर: तीन जवानों की मौत, 6 अब भी लापता

सिक्किम में लैंडस्लाइड से सेना के कैंप पर कहर: तीन जवानों की मौत, 6 अब भी लापता

सिक्किम। रविवार शाम सिक्किम में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। शाम करीब 7 बजे, एक सेना का कैंप अचानक हुए लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया। इस हादसे में तीन सैनिकों की मौत हो गई है, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, चार अन्य लोगों को मलबे से जीवित बाहर निकाला गया, जिन्हें केवल साधारण चोटें आई हैं। फिलहाल छह जवानों का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है और उनकी तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है।

सेना ने सोमवार को हादसे की पुष्टि की और बताया कि मृतकों की पहचान हवलदार लखबिंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखाड़ा के रूप में हुई है।

लाचेन और लाचुंग में फंसे सैलानियों को बचाया गया:

इसी बीच, राज्य के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों लाचेन और लाचुंग में फंसे 1000 से ज्यादा पर्यटकों को आज सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। यह सभी पर्यटक 30 मई से खराब मौसम और सड़क अवरोधों के कारण फंसे हुए थे। प्रशासन और सेना ने मिलकर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

पूर्वोत्तर भारत में बारिश का कहर, अब तक 37 लोगों की जान गई:

सिर्फ सिक्किम ही नहीं, असम, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और मेघालय समेत पूरे पूर्वोत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश और भूस्खलन का कहर जारी है। अब तक इन घटनाओं में 37 लोगों की मौत हो चुकी है। जिसमें असम: 10 मौतें, अरुणाचल प्रदेश: 9 मौतें, मिजोरम: 5 मौतें, मेघालय: 6 मौतें हुईं हैं।

अक्टूबर 2023 की त्रासदी की यादें फिर ताजा:

गौरतलब है कि अक्टूबर 2023 में सिक्किम में बादल फटने से आई तीस्ता नदी की बाढ़ ने भीषण तबाही मचाई थी, जिसमें 18 लोगों की मौत हुई थी और 98 लोग लापता हो गए थे। इनमें से 22 सेना के जवान भी थे, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।


संबंधित समाचार