राकेश कानूनगो, नागदा: औद्योगिक नगर नागदा के पंचाल धर्मशाला के पीछे स्थित रिहायशी इलाके से आज एक बड़ी खबर सामने आई है। इलाके में रहने वाले जगदीश देवड़ा के मकान में अचानक हुए शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। इस भीषण अग्निकांड में घर के अंदर रखा सारा घरेलू सामान, और भारी मात्रा में रखा अनाज जलकर पूरी तरह खाक हो गया, जिससे पीड़ित देवड़ा परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सूने मकान में भड़की आग
जानकारी के अनुसार जब जगदीश देवड़ा के मकान में हादसा हुआ, तब जगदीश और उनकी पत्नी दोनों बाहर मजदूरी पर गए हुए थे। घर पूरी तरह सूना था, तभी बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से लपटें उठने लगीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के दमकल विभाग को सूचना दी। लेकिन नगर पालिका की लापरवाही के चलते फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय पर न पहुंचकर लेट पहुंची।
जनता ने खुद बुझाई आग
दमकल के पहुंचने से पहले ही कॉलोनी के लोगों ने साहस दिखाते हुए मोर्चा संभाला और खुद पानी-मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया, वरना पूरा मोहल्ला आग की चपेट में आ सकता था। आग की घटना के बाद कांग्रेस नेता बाबू दादा गुर्जर और वार्ड पार्षद विशाल गुर्जर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित जगदीश देवड़ा और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और वार्ड पार्षद विशाल गुर्जर ने नुकसान को लेकर एसडीएम रंजना पाटीदार से बातचीत की। उन्होंने एसडीएम को नपा की लापरवाही से अवगत कराते हुए पीड़ित परिवार को शासन के नियमों के तहत जल्द से जल्द उचित मुआवजा स्वीकृत कराने की मांग की।