नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का चयन कर लिया गया है। टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। इस टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन की वापसी हुई है, वहीं युवा प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी को भी एक बार फिर मौका मिला है। भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत 13 सितंबर 2026 से होगी। तीनों मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
15 सदस्यीय टीम में संजू सैमसन की वापसी
संजू सैमसन को एक बार फिर भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। वह जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुनी गई टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है। टीम में संजू के अलावा ईशान किशन भी विकेटकीपर के तौर पर मौजूद हैं। ऐसे में भारतीय टीम के पास विकेटकीपिंग के लिए दो मजबूत विकल्प रहेंगे।
तिलक वर्मा को मिली उपकप्तानी
टीम इंडिया की कप्तानी श्रेयस अय्यर संभालेंगे, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलन देखने को मिल रहा है। अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा जैसे युवा बल्लेबाजों के साथ शिवम दुबे जैसे ऑलराउंडर भी टीम का हिस्सा हैं।
वैभव सूर्यवंशी पर टीम मैनेजमेंट का भरोसा कायम
महज 15 वर्ष की उम्र में लगातार सुर्खियां बटोर रहे वैभव सूर्यवंशी को फिर से भारतीय टी20 टीम में चुना गया है। चयन से साफ है कि टीम मैनेजमेंट युवा बल्लेबाज को भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा मान रहा है। वैभव के साथ अभिषेक शर्मा भी युवा बल्लेबाजी विकल्पों में शामिल हैं। दोनों खिलाड़ियों से टीम को आक्रामक शुरुआत और तेज रन बनाने की उम्मीद रहेगी।
बुमराह समेत चार खिलाड़ियों का चयन फिटनेस के अधीन
भारतीय टीम में चार खिलाड़ियों का चयन उनकी फिटनेस पर निर्भर रहेगा। जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनका अंतिम रूप से खेलना फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर करेगा। इन खिलाड़ियों की उपलब्धता भारतीय टीम के संतुलन के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रिंकू सिंह समेत 8 खिलाड़ियों को नहीं मिला मौका
जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टीम की तुलना में इस बार कई बदलाव किए गए हैं। रिंकू सिंह सहित आठ खिलाड़ियों को अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। बाहर रहने वाले खिलाड़ियों में रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह शामिल हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का पूरा स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणाइन खिलाड़ियों का चयन फिटनेस टेस्ट पास करने की शर्त के अधीन है।
अफगानिस्तान का स्क्वॉड
इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोटी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक।
जिम्बाब्वे दौरे की टीम से क्या बदला?
जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुनी गई टीम में श्रेयस अय्यर, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह शामिल थे। अफगानिस्तान सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने टीम में बदलाव करते हुए संजू सैमसन को वापस बुलाया है। वहीं कुछ खिलाड़ियों को बाहर कर नए संयोजन के साथ टीम तैयार की गई है। भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली यह सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। टीम इंडिया जहां नए और युवा खिलाड़ियों को मौका देकर अपनी टी20 बेंच स्ट्रेंथ मजबूत करना चाहेगी, वहीं अफगानिस्तान की टीम राशिद खान और मोहम्मद नबी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के दम पर भारतीय टीम को चुनौती देने की कोशिश करेगी।
भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज का पूरा शेड्यूल
पहला टी20 मैच: 13 सितंबर 2026
स्थान: अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
दूसरा टी20 मैच: 15 सितंबर 2026
स्थान: अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
तीसरा टी20 मैच: 17 सितंबर 2026
स्थान: अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली