रायपुर। Heavy rain alerti in CG: दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे। दोपहर तक उमस ने लोगों को परेशान किया, लेकिन बाद में हुई हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया। गुरुवार को भी शहर में बादलों का डेरा बना हुआ है और रुक-रुक कर बारिश की संभावना बनी हुई है।
लो-प्रेशर सिस्टम बनने के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक मौसमी द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी हुई है। वहीं बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से और उससे सटे दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई 2026 के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने की संभावना है।इसके अलावा उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
इन जिलों में अधिक असर की संभावना
मौसम विभाग ने सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर, कोरिया, कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर और रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश का तापमान
|
शहर |
अधिकतम तापमान |
|---|---|
|
बलरामपुर-रामानुजगंज |
34.7°C |
|
बिलासपुर |
34.0°C |
|
जशपुर |
33.5°C |
|
अंबिकापुर |
33.1°C |
|
कोरबा |
32.9°C |
|
दुर्ग |
30.6°C |
|
जगदलपुर |
28.2°C |