नई दिल्ली। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई तेज होती नजर आ रही है। गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका के कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने यह कार्रवाई की। हैरी बॉक्सर पर हत्या, धमकी और रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में भी सामने आया था। उसने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। साथ ही बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकियां भी दी थीं।
जानकारी के मुताबिक, हैरी बॉक्सर अमेरिका में रहकर अपने नेटवर्क के जरिए गैंग की गतिविधियां संचालित कर रहा था। अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) के अधिकारियों ने उसे कैलिफोर्निया से हिरासत में लिया है।
हैरी बॉक्सर से पहले दो गैंगस्टर भी अमेरिका में पकड़े गए
हैरी बॉक्सर से पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया जा चुका है। इन दोनों के खिलाफ भी भारत में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। विदेश में बैठकर भारत में आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले गैंगस्टरों पर भारतीय एजेंसियों की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है।
कौन है हैरी बॉक्सर?
हैरी बॉक्सर का वास्तविक नाम हरिचंद जाट बताया जाता है। वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा सक्रिय सदस्य माना जाता है।
बताया जाता है कि जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी थी, जिसके चलते उसे हैरी बॉक्सर के नाम से पहचान मिली। अपराध की दुनिया में आने से पहले वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और बॉक्सिंग कोच के रूप में भी काम कर चुका है। बाद में वह लॉरेंस गैंग के नेटवर्क से जुड़ गया।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर कब हुई थी फायरिंग?
बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर 1 फरवरी 2026 की देर रात फायरिंग की घटना हुई थी। हमलावरों ने शेट्टी टावर के बाहर कई राउंड गोलियां चलाई थीं। घटना के समय रोहित शेट्टी अपने घर में मौजूद थे। हालांकि, इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं आई थी।
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में यह भी कहा गया था कि पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसे गंभीरता से नहीं लिया गया।
हैरी बॉक्सर की अमेरिका में हिरासत को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क के खिलाफ एक अहम कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।