
रायपुर: सोने की कीमत नए साल में बहुत तेजी से बढ़ रही है। नए साल में साढ़े तीन माह में अब तक ऐतिहासिक करीब 20 हजार रुपए दाम बढ़ चुके हैं। इसके पहले कभी भी सोने के दाम इतनी रफ्तार से नहीं बढ़े हैं। बीते वर्ष सालभर में दाम 19300 रुपए बढ़े थे, लेकिन अब उससे ज्यादा दाम बढ़ चुके हैं। विगत 31 दिसंबर को सोने की कीमत 78400 रुपए थी, जो इस समय 98300 रुपए हो गई है। यह दाम शनिवार को बंद हुए बाजार का है। सोमवार को बाजार खुलने के बाद अगले सप्ताह सोने के दाम कभी भी एक लाख तक जा सकते हैं। सोने की बढ़ती कीमत के कारण निवेश भी लगातार बढ़ रहा है। अब रोज सोने में 30 करोड़ का निवेश हो रहा है। नए साल में अब तक सोने के दाम 19900 रुपए बढ़े हैं, यह अब तक रिकॉर्ड है। इसके पहले कभी भी इतने कम समय में इतने दाम नहीं बढ़े हैं। 31 दिसंबर 2024 को कीमत 78400 रुपए थी।
नए साल से लगातार बढ़ोतरी जारी :
1 जनवरी को कीमत 79 हजार रही। 7 जनवरी को कीमत 80 हजार पहुंची। इसके बाद एक सप्ताह में कीमत 81 हजार के पार हो गई। फिर एक सप्ताह के बाद कीमत 82 हजारी हुई और अंतिम सप्ताह में पहले कीमत 83 हजारी हुई और फिर माह के अंतिम दिन 31 जनवरी को कीमत 84150 रही। फरवरी में करीब पांच हजार दाम बढ़े और कीमत 89 हजार तक गई। इसके बाद कीमत में कमी आई और फिर मार्च में कीमत में तेजी आती चली गई। मार्च में माह के अंतिम दिन कीमत ने नया रिकॉर्ड बनाया और कीमत 93 हजार के भी पार हो गई। इसके बाद अब अप्रैल में कीमत और आसमान पर जा रही है। अब तो कीमत 98300 हो गई है।
सोने की पांच साल की एक जनवरी और 31 दिसंबर की कीमत :
2020 में सोना 39150 से 51300 रुपए
2021 में सोना 51400 से 49150 रुपए
2022 में सोना 49500 से 54000 रुपए
2023 में सोना 54000 से 62900
2024 में सोना 62900 से 78400 रुपए
2025 में 19 अप्रैल को 98300 रुपए
अब रोज 30 करोड़ का निवेश :
अपने राज्य में सोने और चांदी का रोज का कारोबार 50 करोड़ का है। इसमें से आधा यानी 25 करोड़ का कारोबार निवेशकों का है। निवेशक जहां 20 करोड़ रुपए सोने में निवेश करते हैं, वहीं पांच करोड़ रोज का चांदी में निवेश किया जाता है। लेकिन इस साल सोने की कीमत में लगातार इजाफा होने के कारण अब रोज 30 करोड़ का निवेश सोने में ही हो रहा है। चांदी में भी निवेश पांच करोड़ से ज्यादा का हो गया है।
सालभर में दाम बढ़े थे 19300 :
सोने ने बीते साल निवेशकों को सबसे ज्यादा लुभाने का काम किया है। सोने की कीमत बीते साल भी तेजी से बढ़ी। पहले कभी इतनी तेजी से कीमत नहीं बढ़ी थी। साल भर में सोना रिकॉर्ड 19 हजार तीन सौ रुपए तक महंगा हुआ। जो सोना एक जनवरी 2024 को 62900 रुपए था, वहीं 30 अक्टूबर को रिकॉर्ड 82200 रुपए तक गया। हालांकि 31 दिसंबर को कीमत 78400 रुपए रही।