होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Bay of Bengal Earthquake: आंध्र प्रदेश से महाराष्ट्र तक महसूस हुए भूकंप के झटके, दहशत में लोग

Bay of Bengal Earthquake: आंध्र प्रदेश से महाराष्ट्र तक महसूस हुए भूकंप के झटके, दहशत में लोग

Earthquake Today: रविवार सुबह देश के दो अलग-अलग हिस्सों में भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। एक ओर बंगाल की खाड़ी में 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसका असर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों तक महसूस किया गया। वहीं महाराष्ट्र के नांदेड़-हिंगोली सीमा क्षेत्र में देर रात से तड़के सुबह तक चार बार धरती डोलने से लोगों में दहशत का माहौल रहा। हालांकि, राहत की बात यह है कि दोनों घटनाओं में अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

बंगाल की खाड़ी में सुबह आया 4.5 तीव्रता का भूकंप

भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) के अनुसार रविवार सुबह 5:05 बजे बंगाल की खाड़ी में रिक्टर स्केल पर 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट से करीब 225 किलोमीटर दूर समुद्र में था और इसकी गहराई 10 किलोमीटर मापी गई। भूकंप के झटके विशाखापत्तनम समेत आंध्र प्रदेश के कई तटीय इलाकों में महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी भी प्रकार के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

महाराष्ट्र के नांदेड़-हिंगोली सीमा पर रातभर भूकंप की गतिविधि

बंगाल की खाड़ी में आए भूकंप से पहले महाराष्ट्र के नांदेड़ और हिंगोली जिले की सीमा से लगे इलाकों में लगातार भूकंप के चार झटके महसूस किए गए। रात 1:37 बजे से 3:23 बजे के बीच दो घंटे से भी कम समय में धरती चार बार हिली, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

कब-कब आए भूकंप के झटके?

पहला झटका: रात 1:37 बजे, सिरली-पांगरा शिंदे गांव के पास। तीव्रता 4.4, गहराई 10 किमी।
दूसरा झटका: रात 2:15 बजे, ककड़ढाबा गांव के पास। तीव्रता 3.6।
तीसरा झटका: रात 2:17 बजे, उसी क्षेत्र में। तीव्रता 3.9।
चौथा झटका: रात 3:23 बजे। तीव्रता 4.1।
लगातार आए इन झटकों के बाद कई लोग रातभर घरों से बाहर रहे। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अब तक नहीं हुई किसी नुकसान की पुष्टि

प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और महाराष्ट्र में आए भूकंपों के कारण अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े आर्थिक नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि, एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाकों में निगरानी जारी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है।


संबंधित समाचार