रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अब पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मंगलवार शाम राजधानी रायपुर में तेज अंधड़ के साथ जोरदार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। इस बदलाव का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिला और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की कमी आई।
रायपुर रहा सबसे गर्म, लेकिन राहत बरकरार
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर में दर्ज किया गया, जहां पारा 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। हालांकि, मौसम में आए बदलाव के कारण गर्मी का असर पहले के मुकाबले कम महसूस किया गया।
अगले 2 दिनों तक बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं, दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
इन सिस्टम्स से बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, कई सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। कश्मीर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। दक्षिण मध्य प्रदेश से बिहार तक द्रोणिका विस्तारित है। इन सभी सिस्टम्स के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है।
आज रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?
6 मई को रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।