होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

राखी के रंग में रंगा CM हाउस, विष्णु देव साय बोले- बहनों का स्नेह मेरे लिए अनमोल

राखी के रंग में रंगा CM हाउस, विष्णु देव साय बोले- बहनों का स्नेह मेरे लिए अनमोल

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व बेहद आत्मीय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचीं महिलाओं और बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का स्वागत करते हुए उनके स्नेह और आशीर्वाद को अपने लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, प्रेम और जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसके सुख और समृद्धि की कामना करती हैं, जबकि भाई बहन की सुरक्षा, सम्मान और हर परिस्थिति में साथ देने का संकल्प लेता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निवास में समाज के विभिन्न वर्गों से आई बहनों का स्नेह उन्हें प्रदेश की महिलाओं के हित में और अधिक प्रतिबद्धता के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।

विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं ने बांधी राखी

रक्षाबंधन कार्यक्रम में स्वर्गीय कर्नल अशोक कुमार दुबे की पत्नी सरला दुबे ने मुख्यमंत्री साय को राखी बांधी। इसके अलावा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की सविता दीदी और स्मृति दीदी, सावित्री जायसवाल, पद्मश्री डॉ. उषा बारले, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित कई महिलाओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। कार्यक्रम में महिला पत्रकारों, स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, लखपति दीदियों, ड्रोन दीदियों, ई-रिक्शा चलाने वाली महिलाओं, टीम प्रहरी, विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिलाओं और दिव्यांग बहनों ने भी हिस्सा लिया।

जवानों के प्रति सम्मान का संदेश

मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर देश और प्रदेश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना बेहद भावनात्मक अनुभव है। जवानों की कलाई पर बंधी राखी उनके प्रति समाज के सम्मान और विश्वास का प्रतीक है।

महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला पत्रकारों का विशेष तौर पर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता जिम्मेदारी, साहस और संवेदनशीलता से जुड़ा क्षेत्र है। महिला पत्रकार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लोगों तक देश-दुनिया और समाज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचा रही हैं।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक मजबूती

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाकर उनके आत्मविश्वास को मजबूत करना है।

13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला आर्थिक सशक्तिकरण के विजन के तहत देशभर में महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 13.85 लाख महिलाएं लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं।

विकसित छत्तीसगढ़ में महिलाओं की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ छत्तीसगढ़ भी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति आत्मनिर्भर और सशक्त होकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

 
 


संबंधित समाचार