उज्जैन : बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया बाबा महाकाल के दर्शन के लिए शनिवार तड़के उज्जैन पहुंची। जहां उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया। साथ ही भस्म आरती भी अटेंड की। इस दौरान एक्ट्रेस पूरी तरह से महाकाल की भक्ति में लीन नजर आई।
मां के साथ एक्ट्रेस ने की पूजा
जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के तकरीबन 4 बजे एक्ट्रेस अपनी मां के साथ मंदिर पहुंची और नंदी हॉल में बैठकर पूजा अर्चना की। साथ ही नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही।
पारंपरिक साड़ी पहनकर पहुंची थी तमन्ना
इस दौरान एक्ट्रेस ने पीली रंग की पारंपरिक साड़ी पहनी हुई थी। जिसमे वो बेहद खूबसूरत लग रही थी। दर्शन के पश्चात महाकाल मंदिर समिति की ओर से तमन्ना और उनके पूरे परिवार का पारंपरिक रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
दर्शन का मौका मिला मैं बहुत आनंदित हूं
इधर, दर्शन के बाद मीडिया से अपना अनुभव साझा करते हुए तमन्ना ने कहा कि “जय महाकाल. बहुत अच्छा लगा, अभी-अभी दर्शन करके आई हूं. सुबह होने वाली भस्म आरती के दर्शन करने का आज मौका मिला. मैं बहुत आनंदित हूं. यहां परिवार के साथ आई हूं और मेरी मम्मी भी साथ हैं. बहुत खुशी है कि उन्हें भी आज भगवान महाकाल के दर्शन करने का मौका मिला.”
तमन्ना भाटिया भगवान शिव की अनन्य भक्त
बता दें कि तमन्ना भाटिया भगवान शिव की अनन्य भक्त हैं। वे अपनी फिल्मों की रिलीज और निजी जीवन में सुख-समृद्धि की कामना के लिए अक्सर उज्जैन आती रहती हैं। इससे पहले भी वे कई बार महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर चुकी हैं।