Saina Nehwal ने शादी के 7 साल बाद पति Parupalli Kashyap से तोडा रिश्ता, इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट किया शेयर

भोपाल : भारतीय बैडमिंटन प्लेयर साइना नेहवाल अपने पति पारुपल्ली कश्यप से अलग होने जा रही है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया में पोस्ट शेयर कर दी। साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप साल 2018 में शादी के बंधन में बंधे थे। शादी के 7 साल बाद कपल ने सहमति से अलग होने का फैसला लिया। 

बहुत सोच-विचार के बाद लिया फैसला

साइना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अलग होने की घोषणा करते हुए लिखा, ‘जिंदगी हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद कश्यप परुपल्ली और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और उपचार चुन रहे हैं। मैं उन यादों के लिए आभारी हूं जो हमने साथ में बनाईं। साथ ही आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस दौरान हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद।’

पुलेला गोपीचंद एकेडमी में एक साथ करते थे ट्रेनिंग 

बता दें कि दोनों अपने करियर के शुरुआती दिनों में हैदराबाद के पुलेला गोपीचंद एकेडमी में एक साथ ट्रेनिंग करते थे। एकेडमी में ट्रेनिंग के दौरान ही दोनों मिले थे। दोनों इस खेल में काफी आगे बढ़े। लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 2018 में दोनों ने शादी की थी। हालांकि, शादी तक दोनों के रिलेशनशिप के बारे में लोगों को भनक भी नहीं थी।

पारुपल्ली भी एक दिग्गज खिलाड़ी

साइना के साथ-साथ पारुपल्ली भी एक दिग्गज खिलाड़ी हैं। जहां साइना ने 2008 के लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। वहीं पारुपल्ली भी कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं।

 

Publisher: INH 24x7