प्रवीण सोनी, बड़वानी: बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें 25-30 युवक एक युवती को मोटरसाइकिल पर जबरन उठाकर ले जाते दिख रहे थे। पुलिस ने इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए युवती की तलाश शुरू की तो मामला प्रेम, धोखा और अपहरण का निकला। आखिर क्या है पूरा मामला, देखिए ये रिपोर्ट।
दरअसल ये मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में दिख रहा था कि दर्जनों युवक एक युवती को बाइक पर जबरदस्ती बैठाकर ले जा रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। तहकीकात में पता चला कि युवती इंद्रपुर की रहने वाली है वह हुकूम रावत निवासी निहाली युवक के प्रेम में थी। दोनों ने भागकर शादी भी कर ली थी। लेकिन बाद में युवती को पता चला कि हुकूम रावत की पहले से ही शादी हो चुकी है और उसके 2 बच्चे भी हैं। इसके बाद युवती अपने परिजनों के पास वापस लौट आई थी।
रविवार को युवती अपने मौसा के घर जलगोन गई थी। आरोप है कि इसी दौरान मंगलवार को हुकूम रावत अपने 25 से 30 साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर आया और युवती का जबरन अपहरण कर ले गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवती को युवक के गांव निहाली से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने अपहरण और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस की मुस्तैदी से युवती को बचा लिया गया।
.png)