MP Congress: मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट का पर्चा खारिज होते ही कांग्रेस के अंदर एक बड़ा राजनैतिक भूचाल आ गया है। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म रिजेक्ट होने की खबर जैसे ही फैली, बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे कांग्रेस विधायकों का गुस्सा फूट पड़ा। विधायकों ने इस लापरवाही के लिए सीधे अपनी ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वही, जीत की खुशी में डूबे भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर जमकर जश्न मनाया और बीजेपी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए बाहर निकले।
फूटा कांग्रेस विधायकों का गुस्सा
नामांकन निरस्त होने की भनक लगते ही राजाभोज एयरपोर्ट पर मौजूद कांग्रेसी विधायकों ने अपनी ही पार्टी के बड़े नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी से नाराज कांग्रेस विधायक सुरेश राजे ने अपनी ही लीडरशिप को धोते हुए कहा कि, यह बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली लापरवाही है। जब हम लोग एक छोटे से पंचायत चुनाव में भी बैकअप के तौर पर डमी कैंडिडेट का फॉर्म दाखिल करवाते हैं, तो देश के सबसे बड़े राज्यसभा चुनाव में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई? हमारे नेताओं ने कोई डमी फॉर्म क्यों नहीं भरवाया?
विधायक दोगने का फूटा दर्द
वहीं, हरदा से कांग्रेस विधायक आर.के. दोगने ने निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि, पार्टी के बड़े नेताओं और वकीलों की गलती के कारण आज पूरी कांग्रेस को शर्मिंदा होना पड़ा है। हम सभी विधायक इस रवैये से निराश और आहत हैं।
रनवे से वापस लौटे विधायक
विधायकों को हॉर्स ट्रेडिंग से बचाने के लिए कांग्रेस ने रात 7:30 बजे एक विशेष विमान तैयार रखा था। कई विधायक और उनके परिजन इस प्लेन में सवार हो चुके थे और रेगुलर फ्लाइट्स के कांग्रेसी विधायक भी एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। विमान टेक-ऑफ के लिए रनवे पर दौड़ने ही वाला था कि अचानक मीनाक्षी नटराजन का फॉर्म रिजेक्ट होने की सूचना पायलट तक पहुंची। जिसके बाद विमान को रनवे से वापस एप्रन पर लाया गया। इसके बाद सभी कांग्रेसी विधायक और उनके परिजन मायूस चेहरों के साथ अपना सामान लेकर फ्लाइट से नीचे उतरे और वापस अपने घरों की ओर लौट गए।
कमलनाथ का बड़ा हमला
नामांकन खारिज होने के इस पूरे विवाद और विधानसभा में हुई धक्का-मुक्की को लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर बड़ा हमला बोला है। पूर्व सीएम कमलनाथ ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस की सीट हड़पने के लिए भाजपा राजनीति की सभी मर्यादाएं तोड़ने में जुटी है। पहले तो कांग्रेस विधायकों वाली फ्लाइट को जानबूझकर लंबे समय तक उड़ने की इजाज़त नहीं दी। दूसरे , कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के ख़िलाफ़ द्वेषपूर्ण तरीके से आपत्ति दर्ज कराई। और फिर विधानसभा परिसर में भाजपा नेताओं ने हंगामा किया। लेकिन भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि कांग्रेस उनके इन हथकंडों से डरने वाली नहीं है। भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी।