Sanatan Ekta Padyatra : सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में शुक्रवार को खजुराहो सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बी.डी. शर्मा शामिल हुए। उनके आगमन से यात्रा में चल रहे श्रद्धालुओं का उत्साह और अधिक बढ़ गया। मौके पर INH24x7 News की ग्राउंड रिपोर्टिंग टीम भी मौजूद रही, जिसने दूर–दराज से आए भक्तों से यात्रा के उद्देश्य, माहौल और व्यवस्थाओं पर बातचीत की।
यात्रा में देशभर के राज्यों से हजारों भक्त लगातार जुड़ रहे हैं। विशेष रूप से महाराष्ट्र और नरसिंहपुर से आई नारी शक्ति की टीमें ढोल–नगाड़ों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और औपचारिक शस्त्रों के साथ सभी का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। उनके उत्साहपूर्ण सांस्कृतिक प्रदर्शन से यात्रा मार्ग में जय–जयकार गूंजती रही।
वृंदावन में प्रवेश हुई पदयात्रा
श्रद्धालुओं की सेवा के लिए यात्रा के साथ एक चलित निशुल्क चाय वितरण वाहन भी चल रहा है, जो लगातार लोगों को refreshment उपलब्ध करा रहा है। पदयात्रा का वृंदावन में आज भव्य और व्यवस्थित प्रवेश हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए करीब 5,000 सुरक्षा कर्मियों, प्रशासनिक स्टाफ, पुलिस बल, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को तैनात किया गया है, ताकि यात्रा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
वृंदावन में होगा समापन
यह विशाल पदयात्रा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में दिल्ली से शुरू होकर वृंदावन में विशेष समापन कार्यक्रम के साथ पूर्ण होगी। यात्रा श्रद्धा, एकता और सनातन संस्कृति के संदेश को पूरे देश में मजबूती से प्रसारित कर रही है।