Bhopal Madrasa Action : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कल्पना नगर इलाके में अवैध रूप से संचालित मदरसे पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसे बंद करा दिया है। यह कार्रवाई सरकार के मंत्री विश्वास सारंग के निर्देश के बाद की गई।
मंत्री सरांग का बयान
मामले को लेकर मंत्री विश्वास सारंग का बयान सामने आया है। मंत्री सारंग ने कहा है कि कल्पना नगर के रहवासियों ने उनसे जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मदरसे की शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
जांच के बाद कार्रवाई
प्रशासनिक जांच में मदरसा बिना अनुमति के संचालित पाया गया, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे बंद करा दिया। मंत्री सारंग ने कहा है कि नियमों के विपरीत संचालित किसी भी संस्थान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध गतिविधियों पर होगी सख्ती
मंत्री विश्वास सारंग ने आगे कहा कि भोपाल में किसी भी तरह के अवैध निर्माण या बिना अनुमति के चल रहे मदरसों और अन्य संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि सामने आती है तो प्रशासन को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। मंत्री सारंग ने साफ तौर पर कहा है कि सरकार पहले भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई कर चुकी है और आगे भी उल्लंघन करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 64 के कम्युनिटी हॉल को झुग्गी बस्ती और स्थानीय लोगों के शादी-समारोह जैसे सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बनाया गया था, लेकिन जांच में पाया गया कि भवन पर कब्जा कर मदरसा चलाया जा रहा था। जोन-15 के अधिकारियों ने संचालिका रूशदा सुल्तान को पहले ही नोटिस दिया था, जिसकी समय सीमा खत्म होने के बाद निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर सामान बाहर निकालकर भवन को सील कर दिया।
शादी और मदरसा
मौके पर पहुंची INH की टीम ने भी मौके का जायजा लिया तो देखा कि यहां पर मदरसे की कई किताबों के टुकड़े बाहर पड़े हुए थे, उसी दौरान कुछ बच्चे वहां पहुंच गए और मौके से उन किताबों को समेट कर ले जाने लगे। वहीं स्थानीय लोगों ने भी बताया कि यहां कम्युनिटी हॉल था जहां शादी समारोह होते थे तो वहीं दिन में मदरसा चलता था।
ऐसे खुली थी पोल
समारोह के दौरान मदरसे की छुट्टी कर दी जाती थी। जनवरी माह में इस मदरसे के सामने एक बड़ा विवाद हुआ था जिसमें कुछ मुस्लिम युवकों ने एक हिंदू युक्ति के साथ मारपीट की थी जिसमें पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी हुई गिरफ्तारी की थी इसी घटना के बाद मदरसे को लेकर शिकायत प्रशासन तक पहुंची थी। इस कार्रवाई को लेकर मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रदेश में अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और इसके पीछे किन लोगों के तार जुड़े हैं इसकी भी जांच होगी।