अपकमिंग फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस फिल्म में अभिनेता अर्जुन रामपाल एक बार फिर अपने इंटेंस और पावरफुल किरदार से फैंस को दीवाना बनाने वाले हैं। निर्देशक आदित्य धर की इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म से अर्जुन का नया पोस्टर रिलीज़ हुआ है, जिसने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है।
रणवीर सिंह ने शेयर किया अर्जुन का ‘एंजल ऑफ डेथ’ लुक
शनिवार (8 नवंबर) को रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम पर अर्जुन रामपाल का नया पोस्टर शेयर करते हुए लिखा — “The Angel of Death”। पोस्टर में अर्जुन ब्लैक लेदर जैकेट, गहरे सनग्लासेस और सिगरेट के साथ बेहद खतरनाक अंदाज़ में दिखाई दे रहे हैं। उनका क्रू-कट हेयरस्टाइल और घनी दाढ़ी वाला रफ लुक फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है। इसके साथ ही फिल्म के ट्रेलर रिलीज़ की तारीख का भी ऐलान कर दिया गया है —ट्रेलर 12 नवंबर को दोपहर 12:12 बजे लॉन्च किया जाएगा।
फैंस की दीवानगी सोशल मीडिया पर चरम पर
पोस्टर आते ही फैंस ने कमेंट्स की बाढ़ ला दी। एक यूज़र ने लिखा — “तूफान आने वाला है!” तो वहीं दूसरे ने मजाकिया लहजे में कहा — “जब अर्जुन रामपाल विलन बनते हैं, तो उन्हें हराने के लिए दो शाहरुख खान लगते हैं… अब सोचो कितने रणवीर चाहिए होंगे।”
‘धुरंधर’ की स्टारकास्ट और कहानी
निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।साथ ही संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल भी महत्वपूर्ण किरदारों में नज़र आएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म की कहानी भारतीय सुपर स्पाई और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के जीवन से प्रेरित हो सकती है, हालांकि मेकर्स ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पहले जारी लुक वीडियो में बस इतना बताया गया था कि यह कहानी “सच्ची घटनाओं से प्रेरित” है।