होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Ganaj Basoda: रीवा में जैन साध्वियों की मौत पर फूटा गुस्सा, गंजबासौदा जैन समाज ने निकाला कैंडल मार्च

Ganaj Basoda: रीवा में जैन साध्वियों की मौत पर फूटा गुस्सा, गंजबासौदा जैन समाज ने निकाला कैंडल मार्च

गंजबासौदा: रीवा में पदविहार कर रहीं जैन साध्वियों को कार से कुचलने की हृदयविदारक घटना के विरोध में समूचे देश सहित विदिशा जिले के गंजबासौदा नगर में भी जैन समाज का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की परम शिष्याओं के साथ हुई इस दर्दनाक वारदात के खिलाफ सकल जैन समाज के युवा संगठन 'अभय सेना' के नेतृत्व में गंजबासौदा में एक विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान समाज के लोगों ने जय स्तंभ चौक पर दिवंगत आर्यिका संघ को भावभीनी विनयांजलि अर्पित की और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

नियोजित तरीके से टक्कर मारने का आरोप

दरअसल, यह दुखद घटना बीते 20 मई को रीवा में घटित हुई थी। प्रातः काल की वेला में पदविहार कर रहीं पूज्य जैन साध्वियों को एक चार पहिया वाहन ने पीछे से सीधी टक्कर मार दी थी। इस भीषण हमले में एक जैन साध्वी की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरी साध्वी ने अस्पताल में इलाज के दौरान शाम होते-होते दम तोड़ दिया। इस हादसे में संघ के साथ चल रहे अन्य श्रद्धालु भी गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं।

सीसीटीवी से खुला राज

घटना के जो सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आए हैं, उसे देखकर जैन समाज का आरोप है कि कार चालक ने बेहद नियोजित और जानबूझकर इस वारदात को अंजाम दिया है। इस खुलासे के बाद से ही देश भर के जैन तीर्थों और नगरों में विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है।

हत्यारे को फांसी दो के नारे

घटना के विरोध में गंजबासौदा नगर के सभी जिनालयों (जैन मंदिरों) में पूर्व में ही शोक सभाएं आयोजित की जा चुकी हैं। इसी कड़ी में शनिवार, 23 मई की शाम को अभय सेना के आह्वान पर स्थानीय सुभाष चौक स्थित निज निवास पर सबसे पहले सामूहिक भक्तांबर पाठ का आयोजन किया गया। इसके बाद एक विशाल कैंडल मार्च शुरू हुआ।

मौन और आक्रोश का प्रदर्शन

मार्च में बड़ी संख्या में जैन समाज की महिलाएं, पुरुष, युवा और छोटे-छोटे बच्चे शामिल हुए। सभी प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। लोग अपने हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां और मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर मुख्य मार्ग से होते हुए नगर के हृदय स्थल जय स्तंभ चौक पहुंचे। जय स्तंभ चौक पर सभी ने मोमबत्तियां जलाकर पूज्य आर्यिकाओं को विनयांजलि दी और 'हत्यारे को फांसी दो' के गगनभेदी नारे लगाए।

जबलपुर के बरगी से धराया आरोपी 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से मुख्य आरोपी को जबलपुर के बरगी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसकी पहचान राशिद अली के रूप में हुई है। सकल जैन समाज गंजबासौदा ने संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज की शिष्या पूज्य आर्यिका श्रुतमति माताजी एवं पूज्य आर्यिका उपशममति माताजी के चरणों में त्रिवार नमोस्तु अर्पित करते हुए शासन-प्रशासन से मुख्य रूप से दो मांगें रखी हैं। 

आरोपी राशिद अली पर एक्सीडेंट के बजाय सोची-समझी हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए फांसी की सजा दी जाए। और पूरे मध्य प्रदेश में पदविहार करने वाले जैन साधु-संतों और साध्वियों को विहार के दौरान अनिवार्य रूप से सुरक्षा और एस्कॉर्ट प्रदान की जाए ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो।


संबंधित समाचार