धमतरी जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल गंगरेल बांध में 14 जून को साइकिलिंग और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जय मां कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का नेतृत्व समाजसेवी खुबलाल ध्रुव कर रहे हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस तथा खेल गतिविधियों के प्रति जागरूक करना है।
सुबह 6 बजे होगा प्रतियोगिता का शुभारंभ
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता की शुरुआत रविवार सुबह 6 बजे गंगरेल बांध परिसर से होगी। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, ताकि सभी प्रतिभागियों को अपनी क्षमता और प्रतिभा दिखाने का समान अवसर मिल सके। प्राकृतिक सुंदरता से घिरे गंगरेल बांध में होने वाला यह आयोजन खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
महिला प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार
महिला वर्ग की साइकिल रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 10 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 5 हजार रुपये, तृतीय स्थान पर 2,500 रुपये तथा चतुर्थ स्थान पर 1,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
पुरुष वर्ग में 50 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार
पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में भी विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार घोषित किए गए हैं। प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 25 हजार रुपये, तृतीय स्थान पर 15 हजार रुपये, चतुर्थ स्थान पर 5 हजार रुपये, पंचम स्थान पर 2,500 रुपये तथा षष्ठम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
युवाओं को खेल और फिटनेस से जोड़ने की पहल
आयोजक खुबलाल ध्रुव ने जिले और प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों तथा साइकिलिंग प्रेमियों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और फिट युवा ही समाज और देश के विकास की मजबूत नींव होते हैं। यह आयोजन युवाओं में खेल भावना विकसित करने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी माध्यम बनेगा।
पंजीयन के लिए आयोजकों से कर सकते हैं संपर्क
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी आयोजन समिति से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। आयोजकों का मानना है कि गंगरेल बांध की खूबसूरत वादियों के बीच आयोजित यह साइकिल रेस धमतरी जिले के खेल आयोजनों में एक नई पहचान स्थापित करेगी।